Home > अपना शहर ,
राजाबेटी के हृदय के दोनों वॉल्ब सरकारी खर्चे पर बदलेंगे “जन-सुनवाई” ने दिया सहारा

एक दर्जन से अन्य जरूरतमंदों के इलाज का भी हुआ इंतजाम

जो असहाय हैं, जरूरतमंद हैं और जिन्हें मदद की कहीं से भी उम्मीद नजर नहीं आती, उनके लिये प्रदेश सरकार की पहल पर आयोजित हो रही “जन-सुनवाई” सबसे बड़ा सहारा बनकर सामने आई है। इसका प्रत्यक्ष नजारा आज कलेक्ट्रेट की “जन-सुनवाई” में देखने को मिला। कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने मदद की आस में पहुँचे गंभीर बीमारियों से पीड़ित लगभग एक दर्जन जरूरतमंद लोगों के इलाज का इंतजाम कराया। इन सभी को राज्य बीमारी सहायता निधि एवं सरकार की अन्य योजनाओं के तहत इलाज के लिये आर्थिक मदद मिलेगी।

      मंगलवार को कलेक्ट्रेट की “जन-सुनवाई” में डबरा तहसील के ग्राम देवरा से आए श्री रघुनाथ सिंह ने कलेक्टर को दु:खी मन से अपनी व्यथा सुनाई। उनका कहना था कि मेरी धर्मपत्नी राजाबेटी के हृदय के दोनों वॉल्ब खराब हो चुके हैं। डॉक्टरों ने वॉल्ब बदलने के लिये तीन लाख का खर्चा बताया है। हमारा परिवार गरीबी रेखा के नीचे जिंदगी बसर कर रहे परिवारों में शामिल है और इतनी बड़ी रकम का इंतजाम हमारी सामर्थ्य से बाहर है। डॉ. गोयल ने उन्हें भरोसा दिलाया कि राज्य बीमारी सहायता निधि से राजाबेटी के इलाज के लिये आर्थिक मदद दिलाई जायेगी।

      इसी तरह मुँह के कैंसर से पीड़ित गड्डे वाला मोहल्ला नाका चंद्रबदनी निवासी दूल्हे खाँ को भी कलेक्ट्रेट की जन-सुनवाई में सहारा मिला। इनके इलाज के लिये भी राज्य बीमारी सहायता निधि से आर्थिक मदद दिलाने के निर्देश कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को दिए। इनके अलावा बिरलानगर से आए कैंसर पीड़ित श्री रामस्वरूप राठौर को नि:शुल्क दवाओं का इंतजाम कलेक्टर ने कराया। साथ ही  लक्ष्मण तलैया शिंदे की छावनी निवासी कैंसर पीड़ित श्री ज्ञान सिंह सिकरवार, महलगाँव से आए ब्लड कैंसर के मरीज श्री सतीश माहौर, गोसपुरा नं.1 निवासी कैंसर पीड़ित श्रीमती मिथलाबाई और गुदड़ी मोहल्ला से आए कैंसर पीड़ित श्री गोपाल शाक्य का इलाज कराने के निर्देश भी कलेक्टर ने जिला चिकित्सालय के सिविल सर्जन को दिए हैं।

      किडनी की बीमारी से पीड़ित माधौगंज निवासी श्री रामसुंदर जायसवाल की नि:शुल्क डायलेसिस करने के निर्देश भी डॉ. गोयल ने दिए। शर्मा फॉर्म निवासी श्री राजेन्द्र के कृत्रिम पैर लगवाने के निर्देश संयुक्त संचालक सामाजिक न्याय को दिए गए।

कलेक्ट्रेट की जन-सुनवाई में इस बार कुल 244 फरियादी पहुँचे। कलेक्टर डॉ. संजय गोयल, अपर कलेक्टर श्री शिवराज वर्मा व श्री विवेक श्रोत्रिय सहित जिला प्रशासन के अन्य अधिकारियों ने एक-एक कर सभी फरियादियों की समस्यायें सुनीं और उनके आवेदनों के निराकरण की रूपरेखा तय की।

Share This News :