Home > अपना शहर ,
शहर को प्रदूषण मुक्त बनाने के प्रयास तेज होंगे – कलेक्टर डॉ. गोयल

9 स्थानों पर प्रदूषण मापक केन्द्र की स्थापना और 6 ग्रीन बेल्ट विकसित किए जायेंगे

स्मार्ट सिटी की अवधारणा के अंतर्गत सर्वप्रथम ग्वालियर को प्रदूषण मुक्त बनाने की दिशा में प्रयास प्रारंभ किए जा रहे हैं। ग्वालियर स्मार्ट सिटी डवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड के चेयरमेन एवं कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने कहा है कि ग्वालियर शहर में प्रदूषण के स्तर को नियंत्रित करने के लिये 9 स्थानों पर प्रदूषण जाँच केन्द्रों की स्थापना और शहर की आवोहवा को स्वच्छ बनाने के लिये नगर निगम के माध्यम से 6 बड़े ग्रीन बेल्ट विकसित किए जायेंगे।

      डॉ. गोयल ने कहा कि स्मार्ट शहर की स्मार्ट अधोसंरचना के सिद्धांत के आधार पर शहर को प्रदूषण मुक्त बनाने की कार्ययोजना नगर निगम के माध्यम से तैयार की गई है। इस योजना के अंतर्गत जहाँ एक ओर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की कार्यप्रणाली में सुधार लाने और उसको बेहतर बनाने के निर्देश देते हुए 9 स्थानों पर प्रदूषण स्तर मापक केन्द्रों की स्थापना का निर्णय लिया गया है। जिसमें शहर के आवासीय क्षेत्रों, औद्योगिक क्षेत्रों व रिसर्च इंस्टीट्यूट और संवेदनशील क्षेत्रों को चिन्हित कर प्रत्येक में तीन-तीन स्थानों पर ये मापक यंत्र लगाए जायेंगे। रेसीडेंसल क्षेत्रों के अंतर्गत दर्पण कॉलोनी, माधवनगर और तानसेननगर में, औद्योगिक क्षेत्रों के अंतर्गत जेबी मंगाराम बिरलानगर, बाराघाटा इंडस्ट्रीयल एरिया और महाराजपुरा इंडस्ट्रीयल एरियों में तथा रिसर्च इंस्टीट्यूट और सेंसिटिव एरियों के अंतर्गत जीवाजी यूनिवर्सिटी, कलेक्ट्रेट ऑफिस तथा जेएएच परिसर में इनकी स्थापना की जायेगी। इन केन्द्रों की स्थापना किए जाने से शहर में क्षेत्रवार प्रदूषण के स्तर की जानकारी प्राप्त की जा सकेगी और उसको नियंत्रित करने के प्रयासों का प्रभावी ढंग से क्रियान्वयन संभव होगा।

      उन्होंने बताया कि प्रदूषण नियंत्रण के लिये शहर में हरियाली के स्तर को बढ़ाए जाने की आवश्यकता होती है। इसी क्रम में ग्वालियर नगर निगम द्वारा 21 करोड़ 32 लाख रूपए के व्यय से 6 बड़े ग्रीन बेल्ट तैयार करने की कार्ययोजना बनाई गई है। इसके तहत प्रथम चरण में एक करोड़ 87 लाख रूपए के व्यय से रामदास घाटी पर 2.66 हैक्टेयर का ग्रीन पार्क विकसित किया जायेगा। द्वितीय चरण में 2 करोड़ 35 लाख रूपए की लागत से 3.35 हैक्टेयर में दीनदयालनगर में एक बडा़ पार्क विकसित किया जायेगा। इसी प्रकार साढ़े 8 करोड़ रूपए की लागत से ग्राम रमौआ के पास 17.76 हैक्टेयर में सिटी फोरेस्ट, 7 करोड़ रूपए की लागत से 6.68 हैक्टेयर में जड़ेरूआ सिटी पार्क, एक करोड़ 5 लाख रूपए की लागत से .85 हैक्टेयर में आनंदनगर में गिर्राज पार्क तथा 55 लाख रूपए की लागत से आधे हैक्टेयर में वार्ड क्रं.62 के ग्राम बेहटा में ग्रीन बेल्ट तैयार किया जायेगा। डॉ. गोयल ने बताया कि शहर से लगी हुई ओहदपुर पहाड़ी को ईको टूरिज्म के तहत विकसित करने के निर्देश वन विभाग को दिए गए हैं। इसके विकसित होने से शहर के समीप एक रमणीक पर्यटन स्थल तैयार हो सकेगा। साथ ही ग्रीन बेल्ट होने के कारण शहर के प्रदूषण को नियंत्रित करने में सहायक बनेगा।

      डॉ. गोयल ने बताया कि शहर में संचालित ऐसे सभी सरकारी या निजी निर्माण कार्य जिनके लिये पेड़ों को काटना होता है, जिनकी विधिवत अनुमति नगर निगम द्वारा प्रदान की जाती है। ऐसी सभी निर्माण एजेन्सियों को सख्ती के साथ निर्देश दिए गए हैं कि वे जितने पेड़ काटते हैं, उसके 10 गुना संख्या में नए पौधों को रोपित करेंगे। ऐसा न करने की स्थिति में संबंधित प्रोजेक्ट इंचार्ज की व्यक्तिगत जिम्मेदारी निर्धारित की जायेगी।

      इसके साथ ही यात्री वाहनों से होने वाले प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिये 10 साल पुराने टेम्पो और ऑटो रिक्शा को समाप्त करने, सॉलिड वेस्ट के डिस्पोजल और मेडीकल वेस्ट के डिस्पोजल के लिये दीर्घकालीन कार्ययोजना तैयार की जा रही है। जयारोग्य चिकित्सालय परिसर में संचालित इन्सिलेटर को भी शहर से बाहर शिफ्ट कर नवीन आधुनिक तकनीकी वाला इन्सिलेटर को स्थापित किया जाना प्रस्तावित है। इसके लिये लक्ष्मीगंज क्षेत्र में एक एकड़ जमीन दिया जाना भी प्रस्तावित है।

      उन्होंने कहा कि इसी क्रम में शहर में स्थापित औद्योगिक क्षेत्रों को शहर से बाहर स्थानांतरित करने की कार्ययोजना भी तैयार की जा रही है।

Share This News :