Home > अपना शहर ,
संचालनालय के संयुक्त संचालक ने किया आंगनबाड़ियों का निरीक्षण

महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आंगनबाड़ियों में वजन मेला अभियान चलाया जा रहा है। विभागीय संचालनालय के संयुक्त संचालक श्री उमाशंकर नगायच ने आज जिले की आंगनबाड़ियों का निरीक्षण किया। उन्होंने समस्त बच्चों का वजन समय-सीमा में रोस्टर अनुसार करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान ग्वालियर संभाग के संयुक्त संचालक श्री एच के शर्मा व जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री बृजेश त्रिपाठी भी उपस्थित थे।

      जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री बृजेश त्रिपाठी से प्राप्त जानकारी के अनुसार संचालनालय से आकस्मिक निरीक्षण पर आए श्री उमाशंकर नगायच ने बाल विकास परियोजना शहर-2 के आरामील, बाल विकास परियोजना शहर-5 का अवाड़पुरा एवं बाल विकास परियोजना-डबरा के मकोड़ा आंगनबाड़ी केन्द्र में उपस्थित बच्चों की माताओं से वजन मेला अभियान की उपयोगिता पर चर्चा की। उन्होंने महिलाओं से नियमित आंगनबाड़ी आने तथा बच्चों की साफ-सफाई, पोषण व्यवहार पर विशेष ध्यान देने की अपील की। साथ ही एनआरसी में बच्चों को भर्ती कराने में आने वाली कठिनाईयों पर भी माताओं से चर्चा की और एनआरसी का लाभ उठाने का अनुरोध किया। अवाड़पुरा आंगनबाड़ी में पंचवटी से पोषण के तहत सौजना के पौधे का रोपण की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि सभी आंगनबाड़ियों और अति कम वजन के बच्चों के घरों में सौजना, आंवला, पपीता, सब्जी आदि किचिन गार्डन के रूप में लगवायें।

      आंगनबाड़ी केन्द्रों के निरीक्षण पश्चात श्री नगायच ने विभागीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने जिले में सुपोषण अभियान, लाड़ली लक्ष्मी योजना, भवन निर्माण, आधार पंजीयन आदि विभागीय मुद्दों की समीक्षा की।

Share This News :