Home > अपना शहर ,
अब सीधे ही कन्या के खाते में जमा होगी 17 हजार रूपए की राशि अन्य सहायता पूर्ववत मिलेंगी

मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना

मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अन्तर्गत कन्या के दाम्पत्य जीवन की खुशहाली एवं गृहस्थी की स्थापना के लिए आर्थिक सहायता मुहैया कराई जाती है। राज्य सरकार के नए दिशा निर्देशों के तहत अब सीधे ही कन्या के खाते में 17 हजार रूपए की राशि भेजी जायेगी। खाते में राशि भेजने संबंधी स्वीकृति पत्र सामूहिक विवाह सम्मेलन के दौरान ही कन्या को मुहैया करा दिया जायेगा।  

कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने संयुक्त संचालक सामाजिक न्याय को निर्देश दिए हैं कि जिले के सभी नगरीय निकायों एवं जनपद पंचायतों में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत होने वाले सामूहिक विवाह सम्मेलनों में नए प्रावधानों के तहत आर्थिक सहायता मुहैया कराई जाए। उल्लेखनीय है कि पूर्व में कन्या विवाह योजना के तहत कन्या के दाम्पत्य जीवन की खुशहाली के लिए 5 वर्ष तक के लिए सावधि जमा 10 हजार रूपए तथा गृहस्थी की स्थापना हेतु अन्य सामग्री क्रय करने के लिए 7 हजार रूपए कन्या के बचत खाते में हस्तांतरित किए जाने का प्रावधान था।

संयुक्त संचालक सामाजिक न्याय श्री कबीरपंथी से प्राप्त जानकारी के मुताबिक विवाह संस्कार के लिए 5 हजार रूपए की आवश्यक सामग्री (मंगलसूत्र, बिछिया, पाजेब व स्टील के सात बर्तन) दिए जाने का प्रावधान पूर्व की तरह रहेगा। सामग्री की गुणवत्ता और मूल्य का निर्धारण जिला स्तरीय समिति द्वारा किया जाएगा। सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित करने के लिए ग्रामीण/शहरी निकाय को व्यय की प्रतिपूर्ति के लिए पूर्ववत् 3 हजार रूपए दिए जाएंगे। उपरोक्त प्रावधान एक नवम्बर 2016 से प्रभावशील किए गए हैं।

Share This News :