Home > अपना शहर ,
सीएम हैल्पलाईन एवं लोक सेवा गारंटी के प्रकरणों के निराकण में लापरवाही न बरतें – कलेक्टर

कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने कहा है कि सीएम हैल्पलाईन में प्राप्त आवेदनों में निराकरण हेतु समय-सीमा के कितने दिन शेष हैं, इसका भी उल्लेख रहता है। अधिकारी निर्धारित समय-सीमा में प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करें। सभी विभागीय अधिकारी सीएम हैल्पलाईन एवं लोक सेवा गारंटी के तहत प्राप्त आवेदन का प्रत्येक दिन अवलोकन करें और समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने यह निर्देश आज कलेक्ट्रेट के सभागार में आयोजित हुई अंतरविभागीय समन्वय समिति की बैठक में दिए।

बैठक में नगर निगम आयुक्त श्री अनय द्विवेदी, एडीएम श्री शिवराज वर्मा, अपर आयुक्त श्री विवेक श्रोत्रिय, ग्वालियर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुरेश शर्मा, विशेष क्षेत्र प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री तरूण भटनागर सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

कलेक्टर डॉ. गोयल ने विभागीय अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए हैं कि सीएम हैल्पलाईन एवं लोक सेवा गारंटी या जन-सुनवाई के तहत प्राप्त आवेदनों में अगर न्यायालयीन प्रकरण प्रचलन में हैं तो इसका स्पष्ट उल्लेख करते हुए न्यायालयीन प्रकरण क्रमांक का भी उल्लेख करते हुए संबंधित को सूचित किया जाए। प्रकरणों के निराकरण में अधीनस्थ अमले की लापरवाही होने पर उसके विरूद्ध कार्रवाई हेतु वरिष्ठ अधिकारियों को नाम प्रेषित किए जाएँ। नाम प्रेषित न करने पर विभागीय अधिकारी के विरूद्ध भी कार्रवाई की जायेगी।

Share This News :