Home > अपना शहर ,
ग्वालियर को समय सीमा में खुले में शौच मुक्त करने के लिए कलेक्टर ने ली निगम अधिकारियों की बैठक

जनकल्याणकारी योजनाओं की भी की समीक्षा

कलेक्टर डाॅ संजय गोयल ने आज शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति एवं खुले में शौच मुक्त शहर के लिए किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। बैठक में निगमायुक्त श्री अनय द्विवेदी, मुख्य समन्वयक अधिकारी श्री प्रदीप चतुर्वेदी, श्री आरएलएस मौर्य, श्री प्रेम पचैरी सहित सभी क्लस्टर अधिकारी, क्षेत्राधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
निगम मुख्यालय में आयोजित बैठक में कलेक्टर डाॅ गोयल ने शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ली जिनका संचालन निगम द्वारा किया जाता है। इसके साथ ही नगरोदय अभियान के तहत निगम के अमले द्वारा विभिन्न पेंशन योजनाओं के हितग्राहियों का जो सर्वे किया जा रहा है उसकी प्रगति के बारे में जाना तथा आवश्यक दिशा निर्देश दिए। कलेक्टर डाॅ गोयल ने निगमायुक्त को निर्देश दिए कि सभी क्षेत्रीय कार्यालयों पर जनकल्याण विभाग के कार्यों के लिए अतिरिक्त स्टाफ की व्यवस्था हो जिससे आमजनों को परेशानी का समाना न करना पडे।
बैठक में मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के बारे में जानकारी लेते हुए कलेक्टर डाॅ गोयल ने निर्देश दिए कि निगम कार्यालय में स्वरोजगार योजना की जानकारी एवं आवेदन के लिए एक अलग से काउंटर होना चाहिए। जिससे इस योजना का लाभ लेने के लिए आने वाले हिग्राहियों को आसानी हो तथा उन्हें परेशानी का सामना न करना पडे।
बैठक में स्वच्छ भारत मिशन के तहत नगर निगम ग्वालियर को खुले में शौच मुक्त करने के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली तथा शहर के शेष वार्डों में भी शीघ्र व्यक्तिगत शौचालयों का निर्माण पूर्ण कर इन वार्डों को भी खुले में शौच मुक्त घोषित करें। कलेक्टर डाॅ गोयल ने सभी क्षेत्राधिकारियों को निर्देश दिए कि यदि समय सीमा में इन वार्डो में व्यक्तिगत शौचालय निर्माण कार्य पूर्ण नहीं किया तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कडी कार्यवाही की जावेगी।
बैठक के दौरान निगमायुक्त श्री अनय द्विवेदी ने सभी क्षेत्राधिकारियों को निर्देश दिए कि वार्ड क्रमांक 9, 10, 15, 16, 17, 18, 19, 20, 21, 26, 27, 32, 37, 47, 48, 53 एवं 56 को हर हाल में 30 नवंबर से पूर्व खुले में शौच मुक्त घोषित करें अन्यथा संबंधित के खिलाफ कडी कार्यवाही की जावेगी।

Share This News :