Homeखेल ,
सिंधु ने चीनी शटलर को चटाई धूल, जीता पहला सुपर सीरीज प्रीमियर खिताब

ओलंपिक रजत पदक विजेता भारत की पीवी सिंधु ने आज यहां 700000 डॉलर इनामी चीन ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के फाइनल में चीन की सुन यू को हराकर अपना पहला सुपर सीरीज प्रीमियर खिताब जीता। अगस्त में रियो ओलंपिक में रजत पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी बनी सिंधु ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए सुन यू को एक घंटे और नौ मिनट में 21-11 17-21 21-11 से हराकर यह प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम किया।

दुनिया की 11वें नंबर की खिलाड़ी सिंधु की सुन यू के खिलाफ छह मैचों में यह तीसरी जीत है। सिंधु ने मुकाबले की शानदार शुरुआत करते हुए पहले गेम में 11-5 की बढ़त बनाई। भारतीय खिलाड़ी ने अपनी तेजी की बदौलत इस बढ़त को 20-8 तक पहुंचाकर 12 गेम प्वाइंट हासिल किए। सुन यू ने तीन गेम प्वाइंट बचाए लेकिन सिंधु को पहला गेम जीतने से नहीं रोक सकी।

दूसरे गेम में भी सिंधु ने 6-3 की बढ़त बनाई जिसे उन्होंने 11-7 और फिर 14-10 तक पहुंचाया। सुन यू ने हालांकि इसके बाद जोरदार वापसी की और कुछ दमदार स्मैश की बदौलत 14-14 से स्कोर बराबर कर दिया। चीन की खिलाड़ी ने तेज स्मैश और फिर शानदार र्टिन की बदौलत 18-16 की बढ़त बनाई। सिंधु ने इसके बाद वीडियो रैफरल गंवाया जिससे सुन यू 19-16 से आगे हो गई। सुन ने 20-16 के स्कोर पर नेट पर शॉट खेला लेकिन सिंधु के नेट पर शाट मारने पर दूसरा गेम जीतकर स्कोर 1-1 कर दिया।

तीसरे और निर्णायक गेम में शुरुआत में कड़ी टक्कर देखने को मिली। सिंधू और सुन यू 6-6 के स्कोर पर बराबरी पर थी। सिंधु ने इसके बाद कुछ दमदार रिटर्न की बदौलत 10-6 की बढ़त बनाई। सुन यू ने सिंधू की गलतियों का फायदा उठाकर स्कोर 8-10 किया लेकिन ब्रेक के समय भारतीय खिलाड़ी 11-8 से आगे थी।

सुन यू ने कुछ गलतियां की जिसका फायदा उठाकर सिंधू ने स्कोर 19-11 कर दिया। सिंधू ने उस समय मैच प्वाइंट हासिल जब सुन यू ने रिटर्न को लंबा समझकर छोड़ दिया लेकिन यह बैक लाइन को छू गया। सिंधु ने इसके बाद अगला अंक जीतकर गेम, मैच और खिताब अपने नाम किया।

साइना नेहवाल ने 2014 में चीन ओपन का खिताब जीता था जबकि पिछले साल उप विजेता रही थी। सिंधू पिछले साल डेनमार्क ओपन में पहली बार सुपर सीरीज टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंची थी लेकिन वहां उन्हें चीन की ली शुएरूई के खिलाफ शिकस्त का सामना करना पड़ा था।

Share This News :