Home > अपना शहर ,
जनसंपर्क मंत्री डॉ. मिश्र रेल दुर्घटना के घायलों से मिले

राहत कार्यों का किया पर्यवेक्षण, सक्रिय है मध्यप्रदेश का अमला

जनसंपर्क, जल संसाधन तथा संसदीय कार्य मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र ने आज कानपुर के पास हुई रेल दुर्घटना में घायल नागरिकों से मुलाकात की। मंत्री डॉ. मिश्रा ने दुर्घटना स्थल का  जायजा लिया और घायल व्यक्तियों विशेषकर मध्यप्रदेश के यात्रियों को उपचार के लिए अस्पताल में दाखिल करवाने की कार्यवाही करवाई। वे दुर्घटना में दिवंगत व्यक्तियों के पार्थिव शरीर परिजनों तक भिजवाने की व्यवस्था भी सुनिश्चित कर रहे हैं। मध्यप्रदेश के अधिकारियों के दल अमले के साथ राहत कार्यों में सक्रिय हैं।

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान से चर्चा के पश्चात जनसंपर्क मंत्री डॉ. मिश्रा अविलम्ब दतिया से कानपुर के‍ लिए सड़क मार्ग द्वारा रवाना हुए। मंत्री डॉ. मिश्रा ने ग्वालियर और दतिया जिले के आज के लिए पूर्व निर्धारित सभी कार्यक्रम रद्द कर कानपुर के‍ लिए रवानगी डाली। मंत्री डॉ. मिश्रा को आज प्रात: दतिया में जैसे ही इन्दौर पटना एक्सप्रेस के कानपुर के पास दुर्घटनाग्रस्त होने की जानकारी मिली उन्होंने मुख्यमंत्री श्री चौहान से चर्चा की। दतिया, ग्वालियर और छतरपुर से अधिकारी दल तत्काल घटना स्थल के लिए रवाना हो गए। मंत्री डॉ. मिश्रा ने कलेक्टर दतिया श्री मदन कुमार और पुलिस अधीक्षक श्री इरशाद अली के अलावा 20 सदस्यीय और चिकित्सक और राजस्व कर्मियों के दल को राहत कार्यों  का जिम्मा सौंपा। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कानपुर के निकट स्वास्थ्य केन्द्र भाती, देवीपुर और पुखराया में घायल दाखिल किए गए हैं। जनसंपर्क मंत्री डॉ. मिश्रा ने अनेक घायल यात्रियों से भेंट की और उन्हें हिम्मत बंधाई। अकबरपुर स्थित मरचुरी में मृतकों को रखा गया है। दुर्घटना में दिवंगत उन 14 यात्रियों के परिजनों से संपर्क कर आवश्यक सहायता उपलब्ध  करवाई जा रही है, जिनकी शिनाख्त हो चुकी है। घटना स्थल पर भी आवश्यक राहत कार्य निरंतर चल हैं।

Share This News :