Home > अपना शहर ,
श्रीमती माया सिंह द्वारा नि:शुल्क नेत्र रोग एवं डायबिटीज शिविर का शुभारंभ

इंडियन मेडीकल एसोसिएशन, रतन ज्योति नेत्रालय एवं लॉयन्स क्लब के संयुक्त तत्वावधान में नि:शुल्क नेत्र रोग एवं डायबिटिक शिविर का आयोजन रतन ज्योति अस्पताल में किया गया। शिविर का शुभारंभ प्रदेश की नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह एवं कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। शिविर में नेत्र रोग एवं डायबिटीज रोगियों का रेटीना विशेषज्ञ डॉ. धनराज शुक्ला, डॉ. प्रियवदा भसीन, डॉ. शेखर सांघी, डॉ. नवनीत अग्रवाल द्वारा नि:शुल्क परीक्षण किया गया। इस मौके पर लॉयन्स क्लब के श्री नितिन मांगलिक एवं चिकित्सकगण उपस्थित थे।

      नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने कहा कि डायबिटीज एवं ब्लड प्रेशर आज की आम बीमारी हो गई है। लोगों में जागरूकता की कमी के कारण इसका उपचार नहीं कराते हैं। इस प्रकार के शिविरों से लोगों को लाभ मिलने के साथ ही समाज में जागरूकता भी आती है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार लोगों के स्वास्थ्य के प्रति गंभीर है और सरकार द्वारा सरकारी अस्पतालों में नि:शुल्क परीक्षण की व्यवस्था भी की गई है। सामाजिक संगठनों और चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े अधिक से अधिक लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने की पहल करना चाहिए। इस शिविर में पधारे सभी लोगों को परीक्षण उपरांत बेहतर लाभ प्राप्त होगा और लोग डायबिटीज एवं नेत्र रोग से मुक्ति पा सकेंगे, ऐसी आशा है।

      कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने कहा कि डायबिटीज व ब्लड प्रेशर ऐसी बीमारी है जिसका लोगों को पता नहीं चलता है। परीक्षण कराने के उपरांत ही इस बीमारी से बचाव किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि लोगों को बेहतर सुविधायें स्वास्थ्य के क्षेत्र में मुहैया कराने हेतु सरकार ने हर संभव प्रयास किए हैं। ग्वालियर में भी शासकीय चिकित्सालयों में नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण की सुविधायें उपलब्ध हैं। मुरार चिकित्सालय में प्रशासन द्वारा ओपीडी को भी नि:शुल्क किया गया है।

      मेडीकल एसोसिएशन एवं रतन ज्योति अस्पताल द्वारा जो नि:शुल्क शिविर लगाया गया है यह एक सराहनीय प्रयास है। इस प्रकार के शिविर निरंतर आयोजित होते रहना चाहिए। ताकि लोगों को अधिक से अधिक लाभ प्राप्त हो सके। कार्यक्रम में लॉयन्स क्लब के श्री नितिन मांगलिक ने भी अपने विचार रखे।

Share This News :