Home > अपना शहर ,
850 करोड़ रूपए की राशि से होगा ग्वालियर का सुनियोजित विकास – श्रीमती माया सिंह

वार्ड क्रं.53 में डेढ़ करोड़ रूपए की लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि पूजन

 

प्रदेश की नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने कहा है कि ग्वालियर के सुनियोजित विकास के लिये सरकार द्वारा 850 करोड़ रूपए की धनराशि उपलब्ध कराई गई है। उक्त राशि से ग्वालियर में पेयजल, सीवर, यातायात एवं हरियाली के क्षेत्र में कार्य किया जायेगा। इसके लिये कार्ययोजनायें तैयार कर ली गई हैं। मार्च से शहर विकास का कार्य मैदानी तौर पर दिखाई देने लगेगा। उन्होंने यह बात आज वार्ड क्रं.53 में डेढ़ करोड़ रूपए की लागत से विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमि पूजन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में कही। कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर ग्वालियर श्री विवेक नारायण शेजवलकर ने की।

इस अवसर पर नगर निगम के सभापति श्री राकेश माहौर, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री देवेश शर्मा, महापौर परिषद की सदस्य एवं क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती खुशबू गुप्ता सहित पार्षदगण, निगम के पूर्व अपर आयुक्त श्री एम एल दौलतानी, विभागीय अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

नगरीय विकास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने कहा कि ग्वालियर के विकास में पैसे की कमी नहीं आने दी जायेगी। आम लोगों को मूलभूत सुविधायें मुहैया हों, इसके लिये नगर निगम एवं शासन कार्य कर रहा है। अमृत योजना के तहत पेयजल, सीवर, यातायात और हरियाली के लिये ग्वालियर को धनराशि आवंटित हो चुकी है। निगम द्वारा इनकी कार्ययोजनायें तैयार कर ली गई हैं, जिसके अनुरूप मार्च माह से शहर में कार्य प्रारंभ हो जायेंगे। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के साथ-साथ पर्यावरण सुधार और स्वच्छता के लिये भी कार्य किए जा रहे हैं। स्वच्छता अभियान के संबंध में उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी प्रयासों से नहीं हो सकती। इसके लिये हम सबको आगे आकर कार्य करना होगा। लोगों को अपने घरों के साथ-साथ अपने मोहल्ले और गली को भी स्वच्छ रखने की दिशा में कार्य करने होंगे। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही सरकार द्वारा स्वच्छता के लिये एक सर्वेक्षण कराया जा रहा है। इस सर्वेक्षण में ग्वालियर का प्रथम स्थान आए, इसके लिये हम सबको स्वच्छता के प्रति गंभीरता से सोचने और कार्य करने की आवश्यकता है।

श्रीमती माया सिंह ने कहा कि नगर निगम द्वारा शहर के प्रत्येक वार्डों में विकास के कार्य कराए जा रहे हैं। इन विकास कार्यों के माध्यम से लोगों की अपेक्षाओं के तहत कार्य हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि ग्वालियर स्मार्ट सिटी में भी शामिल हो गया है। स्मार्ट सिटी के तहत लोगों को बेहतर सुविधायें उपलब्ध होंगी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महापौर श्री विवेक नारायण शेजवलकर ने कहा कि पिछले दो वर्षों में निगम द्वारा विकास के अनेक कार्य किए गए हैं। विकास निरंतर प्रक्रिया है। उन्होंने कहा कि ग्वालियर नगर निगम द्वारा नागरिकों की सुविधाओं के लिये शीघ्र ही 11 स्थानों पर वाटर एटीएम स्थापित किए जा रहे हैं। जिसके माध्यम से लोगों को शुद्ध जल उपलब्ध होगा। इसके साथ ही 30 किलोमीटर क्षेत्र में विज्ञापन अधिकार के तहत स्ट्रीट लाईट की सुविधा भी मुहैया कराई जा रही हैं।

महापौर श्री शेजवलकर ने कहा कि स्वच्छता के लिये ही नगर निगम द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इस कार्य में लोगों का सहयोग भी मिल रहा है। परंतु और अधिक सहयोग की अपेक्षा है।

कार्यक्रम के प्रारंभ में महापौर परिषद की सदस्य एवं क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती खुशबू गुप्ता ने स्वागत भाषण दिया। उन्होंने बताया कि उनके वार्ड में डेढ़ करोड़ रूपए की लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि पूजन किया जा रहा है। इनमें शौचालय, पानी की लाईन, सीमेंट कांक्रीट सड़कों के कार्यों का लोकार्पण तथा 19 लाख 50 हजार रूपए की लागत से पान पत्ते की गोठ में सीमेंट कांक्रीट सड़क, 20 लाख रूपए की लागत से वार्ड के विभिन्न क्षेत्रों में नाली निर्माण तथा 7 लाख 50 हजार रूपए की लागत से पार्क सौंदर्यीकरण के कार्य का भूमि पूजन किया गया है।

कार्यक्रम में निगम सभापति श्री राकेश माहौर ने भी अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि विभिन्न वार्डों में नगर निगम द्वारा विकास के अनेक कार्य किए जा रहे हैं। इसके साथ ही स्वच्छा के लिये भी हर वार्डों में जागरूकता अभियान निगम द्वारा चलाया जा रहा है।

स्वच्छता की शपथ दिलाई

      नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह एवं महापौर श्री विवेक नारायण शेजवलकर ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी गणमान्य नागरिकों को स्वच्छता के प्रति शपथ दिलाई। शपथ में लोगों ने दोहराया कि वे अपने आस-पास गली, मोहल्ले और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को स्वच्छ रखने में सहयोग करेंगे और स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करने में भी मदद करेंगे।

Share This News :