Home > अपना शहर ,
खादी को बढ़ावा देने के लिये सरकार कृत संकल्पित -श्रीमती मायासिंह एक माह तक चलने वाला खादी एवं ग्रामोद्योग एक्सपो शुरू

प्रदेश सरकार खादी को बढ़ावा देने के लिये कृतसंकल्पित है। खादी उत्पादन से जुड़ी संस्थाओं को राज्य सरकार हर संभव मदद मुहैया करायेगी । उक्त आशय के विचार नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने "खादी एवं ग्रामोद्योग एक्सपो 2016 " के उद्घाटन अवसर पर व्यक्त किये । यहां रानी लक्ष्मीबाई प्रतिमा के सामने स्थित बलिदान मेला मैदान पर एक माह तक चलने वाला यह एक्सपो मध्यभारत खादी संघ ग्वालियर द्वारा लगाया गया है। खादी मेले के उद्घाटन कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर श्री विवेकनारायण शेजवलकर ने की ।

      नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने कहा कि खादी के वस्त्र आज भी सबसे आरामदायक एवं शुद्ध होते हैं । देश ही नहीं विदेशों में भी खादी के वस्त्र पसंद किये जाते हैं । विदेशों में लगने वाली खादी प्रदर्शनी खासी आकर्षण का केन्द्र रहती हैं। श्रीमती माया सिंह ने इस मौके पर मध्यभारत खादी संघ के पदाधिकारियों को आश्वस्त किया कि खादी वस्त्रों की विपणन व्यवस्था में सरकार हर संभव सहयोग देने के लिये तत्पर है। उन्होंने कहा कि संस्था विपणन के लिये जो भी प्रस्ताव देगी, उस पर सरकार गंभीरता से विचार करेगी । उन्होंने कहा जरूरत होने पर इस संबंध में केन्द्रीय कपड़ा मत्री से भी चर्चा की जायेगी ।

      महापौर श्री विवेक नारायण शेजवलकर ने कहा कि देश की समृद्धि तभी संभव होगी, जब खादी ग्रामोद्योग एवं अन्य छोटे-छोटे उद्योगों से जुड़े लोग आर्थिक रूप से सशक्त होंगे । राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने इसी सोच के साथ खादी को बढ़ावा दिया था। श्री शेजवलकर ने एक्सपो में देश के विभिन्न प्रांतों से आये खादी व ग्रामोद्योग के उद्यमियों का ग्वालियर शहरवासियों की ओर से स्वागत किया ।

      स्वागत उद्बोधन मध्यभारत खादी संघ ग्वालियर के अध्यक्ष श्री वासुदेव शर्मा ने  दिया । कार्यक्रम का संचालन राज्य सहकारी संघ के पूर्व अध्यक्षप श्री अरूण सिंह तोमर ने किया । इस अवसर पर सर्वश्री यतीन्द्र मिश्रा, बृजमोहन परिहार, जगदीश सिंह गुर्जर व हरिओम शर्मा सहित खादी संघ के अन्य पदाधिकारी मंचासीन थे ।

      शनिवार से शुरू हुआ यह खादी एवं ग्रामोद्योग एक्सपो एक माह तक लगा रहेगा। खादी मेले का समय प्रात: 9 बजे से रात्रि 10बजे तक रखा गया है। खादी मेले में मध्यप्रदेश सहित जम्मू मश्मीर, पश्चिम बंगाल, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश व राजस्थान आदि प्रांतों के खादी एवं ग्राद्योग स्टॉल लगे हैं ।

  

Share This News :