Home > अपना शहर ,
नगरीय विकास मंत्री ने किया वार्ड 26 में लगभग 2 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन स्वच्छता में ग्वालियर को उत्तीर्ण कराने शहरवासी आगे आयें-श्रीमती माया सिंह

स्वच्छता की परीक्षा लेने के लिये भारत सरकार की सर्वे टीम जनवरी माह में ग्वालियर आयेगी । इस परीक्षा में ग्वालियर को प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण कराने के लिये शहरवासी आगे आयें । यह तभी संभव होगा, जब हम स्वच्छता के प्रति जागरूक होंगें और इसे अपनी आदत बनायेंगे । यह बात नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने कही । श्रीमती माया सिंह शहर के वार्ड क्रमांक 26 के अन्तर्गत लगभग 2 करोड़ रूपये लागत के विकास कार्यों के लोकार्पण व भूमिपूजन समारोह को संबोधित कर रही थीं । यहां सिंहपुर रोड मुरार पर आयोजित हुये इस समारोह की अध्यक्षता महापौर श्री विवेक नारायण शेजवलकर ने की ।
नगरीय विकास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने कहा प्रदेश सरकार ने नगरों के सुनियोजित विकास के साथ-साथ सभी वर्गों के कल्याण के लिये तमाम योजनायें बनाईं हैं। इन योजनाओं का लाभ जन-जन तक पहुंचाने और जमीनी हकीकत जानने के मकसद से प्रदेश सरकार ने नगर उदय अभियान चलाने का निर्णय लिया है। अगले महीनों में आयोजित होने जा रहे इस अभियान का लाभ लेने के लिये ग्वालियर शहरवासी भी आगे आयें । श्रीमती मायासिंह ने इस मौके पर यह भी कहा कि ग्वालियर शहर में अगले दो साल के भीतर विकास के नये आयाम स्थापित होंगे । उन्होंने कहा स्मार्ट परिवहन व्यवस्था के साथ अन्य बुनियादी सुविधायें, स्मार्ट सिटी योजना तथा अमृत कार्यक्रम के तहत जुटाई जायेंगी ।
महापौर श्री विवेक नारायण शेजवलकर ने कहा ग्वालियर शहर में सौर उर्जा को विशेष बढ़ावा दिया जा रहा है। इसके तहत शहर की 30 किलोमीटर सड़कों पर सौर उर्जा से संचालित स्ट्रीट लाइट लगाई जायेंगी । ऐसी स्ट्रीट लाइट लगाने के क्षेत्र में ग्वालियर संभवत: देश व प्रदेश का पहला शहर होगा । श्री शेजवलकर ने कहा ग्वालियर शहर को विकसित शहर बनाने के लिये अमृत योजना के तहत 850 करोड़ की पेयजल योजना व 200 करोड़ लागत की सीवेज ट्रीटमेंट योजना बनाई गई है। इसी तरह कम आय वर्ग के लोगों को नगर निगम 10 हजार नये मकान बनाकर देगा । इनमें से 1100 आवास का आवंटन किया जा चुका है।
नगर निगम सभापति श्री राकेश माहौर ने कहा केन्द्र व राज्य सरकार से ग्वालियर शहर के सुनियोजित विकास में हर संभव सहयोग मिल रहा है। वरिष्ठ जनप्रतिनिधि श्री वेदप्रकाश शर्मा ने कहा कि खुशी की बात है ग्वालियर में विकास की एक लम्बी श्रृंखला चल रही है। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री ने राष्ट्रकल्याण का संकल्प पूरी प्रतिबद्धता के साथ लिया है, इसमें सभी सहयोगी बनें ।
आरंभ में अतिथियों ने पट्टिका का अनावरण कर विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया । कार्यक्रम के आरंभ में क्षेत्रीय पार्षद श्री धर्मेन्द्र राणा ने स्वागत उद्बोधन दिया एवं वार्ड 26 में हुये विकास कार्यों का ब्यौरा प्रस्तुत किया । इस मौके पर जीडीए के अध्यक्ष श्री अभय चौधरी तथा पार्षदगण सर्वश्री दिनेश दीक्षित, पुरूषोत्तम टमोटिया, अनिल त्रिपाठी व मनीष तोमर तथा अन्य जनप्रतिनिधिगण मंचासीन थे । अपने निजी ट्यूबवेल से स्थानीय निवासियों को पेयजल उपलब्ध कराने वाले स्थानीय नागरिक श्री जानकी प्रसाद शर्मा को अतिथियों ने शॉल श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया।
इन कार्यों का हुआ लोकार्पण व भूमि पूजन
आज हुये लोकार्पित कार्यों में बारादरी चौराहे से एम एच चौराहे तक पानी की लाईन, काशीपुरा मुरार में सीसी रोड निर्माण कार्य, सीवर लाइन कार्य, सीसी रोड व नाला निर्माण कार्य त्यागीनगर मुरार में, वार्ड 26 की विभिन्न गलियों में सीवर लाइन कार्य , हरिजन बस्ती में सीसी रोड एवं नाला निर्माण, नगर निगम कालोनी, नगर मार्केट, रिसाला बाजार की गली एवं पंडित वाली गली में सीसी रोड निर्माण, पीतल कारखाना संकट मोचन पार्क मंदिर में बाउंड्रीवॉल, आर्यसमाज में टीनशेड निर्माण, सामुदायिक भवन हरिजन बस्ती, खटीक मौहल्ला में, परशुराम पार्क में बाउंड्री एवं गेट निर्माण कार्य तथा सिंधी कालोनी में दोनो तरफ का मुख्य द्वार निर्माण शामिल हैं । इसी प्रकार त्यागी नगर में सीसी रोड निर्माण तथा सालिकराम की पुलिया में आरसीसी के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन भी किया गया ।

  

Share This News :