Home > अपना शहर ,
फर्जी प्रवेश-पत्र पर दी नर्सिंग परीक्षा, जेयू ने 2 पकड़े, एक भागा

ग्वालियर.

जीवाजी यूनिवर्सिटी के परीक्षा केन्द्र पर शुक्रवार को फर्जी प्रवेश पत्र के आधार पर नर्सिंग परीक्षा देते 2 छात्र पकड़े गए। एक छात्र परीक्षा शुरू होने से पहले ही भाग खड़ा हुआ। खास बात यह है कि शुक्रवार को बीएससी नर्सिंग चौथे वर्ष की परीक्षा का आखिरी पेपर था और जो 2 छात्र पकड़े गए हैं वे पिछले सभी पेपरों में शामिल हुए। केन्द्राध्यक्ष ने उनकी पूरी परीक्षा निरस्त करने और मामले की जांच का प्रस्ताव परीक्षा नियंत्रक को भेजा है। चूंकि गुरुवार को फर्जी प्रवेश-पत्र के आधार पर 2 छात्रों ने होम्योपैथी की परीक्षा देने का प्रयास किया था, इसलिए मामला गंभीर हो गया है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि इतना बड़ा खुलासा होने के बाद भी जेयू प्रशासन ने छात्रों पर एफआईआर नहीं कराई।

ब्लैंक शीट पर करा रहे थे हस्ताक्षर

बीएससी नर्सिंग चौथे वर्ष की परीक्षा दो सप्ताह से चल रही थी। शुक्रवार को आखिरी पेपर था। इसमें नागाजी कॉलेज का कल्याण सिंह व नरेन्द्र सिंह नामक छात्र शामिल हुए। कल्याण के पास जो प्रवेश-पत्र था उस पर रोल नंबर 3215649 तथा नरेन्द्र का रोलनंबर 3215655 था। दोनों पर प्रवेश-पत्र तो थे, लेकिन परीक्षा भवन में उनका डाटा नहीं पहुंचा था। चूंकि जेयू की लापरवाही के चलते परीक्षा केन्द्रों पर छात्रों का डाटा नहीं पहुंचने के मामले सामने आते रहे हैं। इसलिए केन्द्राध्यक्ष ने दोनों छात्रों को प्रवेश-पत्र के आधार पर परीक्षा में शामिल कर लिया और उन्हें अलग सीट पर बैठा दिया। ब्लैंक शीट पर हर रोज उनसे हस्ताक्षर कराए जा रहे थे।

गुरुवार की घटना से लिया सबक

बीएचएमएस की गुरुवार को आयोजित परीक्षा में 2 छात्र फर्जी प्रवेश-पत्र लेकर पहुंचे थे। परीक्षा से पहले ही वे स्टाफ की नजर में आ गए। उन पर कार्रवाई की तैयारी चल रही थी कि मौका पाकर वे भाग खड़े हुए थे। इस घटना को देखते हुए शुक्रवार को स्टाफ सतर्क था। परीक्षा शुरू होने से पहले एक छात्र पहुंचा। उसका डाटा केन्द्र पर नहीं था, लेकिन छात्र पर प्रवेश-पत्र था। जब जांच की तो वह फर्जी निकला। केन्द्राध्यक्ष ने उसे एक कमरे में बैठा दिया और जेयू प्रशासन को सूचना देने बाहर आ गए। छात्र भांप गया और मौका पाकर खिसक गया। परीक्षा खत्म होने के एक घंटा पहले परीक्षा दे रहे दोनों छात्रों के डाटा कोलकाता की फर्म से चेक कराए तो रिकॉर्ड में डाटा नोट फाउण्ड लिखा आ गया। इससे केन्द्राध्यक्ष हैरान रह गए। दोनों छात्रों को परीक्षा से उठाकर पूछताछ की तो वे तरह-तरह के बहाने बनाने लगे। उन्होंने तीसरे वर्ष का परीक्षा फार्म भरा था लेकिन प्रवेश-पत्र पर चौथा वर्ष लिखा था।

छात्रों को छोड़ा, परीक्षा निरस्त का भेजा प्रस्ताव

केन्द्राध्यक्ष ने दोनों छात्रों से आवेदन लिखवाया और घटना का उल्लेख करते हुए परीक्षा निरस्त का प्रस्ताव परीक्षा नियंत्रक को भेज दिया। दोनों छात्रों को पुलिस में सौंपे बगैर छोड़ दिया। परीक्षा नियंत्रक प्रो. एके श्रीवास्तव व डिप्टी रजिस्ट्रार परीक्षा अरुण सिंह चौहान ने भी छात्रों पर एफआईआर नहीं कराई। सवाल यह है कि उन पर प्रवेश-पत्र कहां से आए। इसकी यदि जांच की जाए तो बड़े गिरोह का भंडाफोड़ हो सकता है। क्योंकि इससे पहले भी इस तरह के मामले आ चुके हैं। एक छात्र तो कॉपियां ही घर से लिखकर लाता था। उस पर भी एफआईआर नहीं कराई जिससे गिरोह के हौसले बुलंद हैं।

इनका कहना

दो छात्रों ने फर्जी प्रवेश-पत्र के आधार पर बीएससी नर्सिंग चौथे साल की परीक्षा दी थी। दोनों की परीक्षा निरस्त करने का प्रस्ताव परीक्षा नियंत्रक को भेजा है। एक छात्र परीक्षा देने से पहले ही भाग खड़ा हुआ था।

प्रो. एसके द्विवेदी, केन्द्राध्यक्ष

Share This News :