Home > slider news,अपना मध्यप्रदेश,
सिंधिया की घेराबंदी में जुटी भाजपा, बढ़े नेताओं के दौरे

वर्ष 2017-18 में मध्यप्रदेश की अटेर, कोलारस और मुंगावली विधानसभा के उपचुनाव में भाजपा को पटखनी देने वाले कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष व सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया की घेराबंदी के लिए भाजपा नेताओं ने उनके संसदीय क्षेत्र गुना-शिवपुरी में दौरे बढ़ा दिए हैं।

पहले भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष राकेश सिंह ने दौरे कर संगठन को सक्रिय किया। फिर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय भूतल परिवहन मंत्री नितिन गड़करी ने संयुक्त दौरे कर 35 हजार करोड़ रुपए के विकास कार्यों का कहीं लोकार्पण किया तो कहीं भूमिपूजन। मकसद साफ है कि आने वाले चुनाव में किसी भी सूरत में सिंधिया से उनकी परम्परागत सीट छीनना है।

भाजपा सूत्रों के मुताबिक, पार्टी ने प्रदेश में विधानसभा चुनाव के साथ-साथ लोकसभा चुनाव की तैयारी भी शुरू कर दी है। इसी रणनीति के तहत पार्टी सबसे पहले उन क्षेत्रों पर फोकस कर रही है, जिन क्षेत्रों में कांग्रेस का कब्जा है। फिलहाल कांग्रेस के पास छिंदवाड़ा (कमलनाथ), रतलाम-आलीराजपुर (कांतिलाल भूरिया) और गुना-शिवपुरी (सिंधिया) लोकसभा क्षेत्र है। 

 

पिछले साल अगस्त में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह भोपाल के दौरे पर आए थे तो उन्होंने प्रदेश संगठन को साफ तौर पर निर्देश दिए थे कि कांग्रेस की ये तीनों सीट किसी भी हाल में छीननी है। इसी रणनीति के तहत हाईकमान उत्तरप्रदेश के मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह को तीनों क्षेत्रों की बागडोर सौंपी थी।

इसके बाद से ही संगठन के नेता और मंत्री लगातार सिंधिया के क्षेत्र में कार्यकर्ताओं के साथ मीटिंग कर रहे हैं। कुछ दिन पहले प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष राकेश सिंह ने भी गुना-शिवपुरी संसदीय सीट के कई विधानसभा क्षेत्रों का दौरा किया। पार्टी वहां लगातार विकास पर्व, विकास यात्रा और किसान सम्मेलन आयोजित कर रही है। गत सोमवार को सीएम और केंद्रीय मंत्री गडकरी ने भी एकसाथ दौरे कर विकास की कई योजनाओं का लोकार्पण किया। ये सारे प्रयास सिर्फ सिंधिया से सीट छीनने की रणनीति के तहत किए जा रहे हैं.

Share This News :