Home > slider news,अपना मध्यप्रदेश,
शिवराज की जन आशीर्वाद यात्रा में उमड़ रही भीड़

भारतीय जनता पार्टी की रणनीति है कि पूरी राजनीतिक लड़ाई और चुनाव सोशल मीडिया पर लड़ा जाए। गुजरात और कर्नाटक के चुनाव इसका उदाहरण हैं। यहां पार्टी ने 45 हजार से ज्यादा व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर चुनाव में सोशल मीडिया का भरपूर उपयोग किया, लेकिन मप्र में स्थिति इसके विपरीत है।

चुनाव सिर पर होने के बाद भी राजनेता, कार्यकर्ता और संगठन सोशल मीडिया की गंभीरता को लेकर उदासीन नजर आ रहे हैं। ताजा उदाहरण जन आशीर्वाद रथयात्रा का है। विधानसभा चुनाव के नजरिए से यह यात्रा भाजपा के लिए सबसे बड़ा सियासी दांव है। यात्रा के स्वागत में तो भारी भीड़ जुट रही है पर सोशल मीडिया पर इसकी रफ्तार बेहद धीमी है।

गौर करने वाली बात यह है कि मप्र में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के टि्वटर पर 47 लाख फालोअर्स हैं तो मप्र भाजपा के ढाई लाख। इसके बावजूद जन आशीर्वाद रथयात्रा के टि्वटर हैंडल में इनकी संख्या महज 707 ही है। पार्टी के दिग्गज नेता चिंतित हैं कि प्रदेश में कार्यकर्ता सोशल मीडिया पर उत्साह क्यों नहीं दिखा रहे हैं। पार्टी नेताओं का मानना है कि यात्रा में जैसी भीड़ उमड़ रही है, उससे सोशल मीडिया में जैसा माहौल बनना चाहिए था, वो अब तक नहीं बन पाया है। हालांकि यात्रा के प्रभारी सांसद प्रभात झा कहते हैं कि इस बार की यात्रा 2008 और 2013 से ज्यादा सफल है। सोशल मीडिया में भी हम नंबर एक पर हैं।

Share This News :