Home > slider news,अपना मध्यप्रदेश,
सिंधिया ने कहा कि मैं टोटकों में विश्वास नहीं करता

कांग्रेस की मप्र चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष ज्योतिरादित्य सिंधिया का नारियल फेंकते हुए वीडियो विवाद में आ गया है। कांग्रेस इसका कारण सिंदूर लगे नारियल को दुर्भावनावश दिए जाने की आशंका बता रही है, जबकि भाजपा ने सिंधिया से सवाल किया है कि क्या वे टोना-टोटका में विश्वास करते हैं।

मालूम हो, शनिवार को ज्योतिरादित्य सिंधिया का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वे पन्ना जिले के कार्यकर्ता द्वारा दिए गए नारियल को फेंकते हुए दिखाई दे रहे हैं।

वीडियो सामने आने के बाद से ही भाजपा ने इसे धार्मिक मान्यताओं के अपमान से जोड़कर पेश किया। इस पर कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता पंकज चतुर्वेदी ने कहा कि सिंधिया ने कार्यकर्ता द्वारा दिया सिंदूर लगा नारियल स्वीकार कर लिया था। सिंधिया के साथ बैठे कार्यकर्ताओं ने उनसे कहा कि नारियल गाड़ी में रखना उचित नहीं है, क्योंकि इस क्षेत्र में लोग दुर्भावनावश भी इस तरह का नारियल देते हैं। इस पर सिंधिया ने कहा कि मैं इन सब चीजों में विश्वास नहीं करता। फिर भी कार्यकर्ताओं के बार-बार आग्रह पर उन्होंने नारियल फेंक दिया।

 

वहीं भाजपा प्रवक्ता रजनीश अग्रवाल ने कहा कि ये निश्चिततौर पर भारतीय सनातन हिंदू मान्यताओं के प्रति उनकी सोच को उजागर करता है। श्रीफल सम्मान और ईश्वर की पूजा व प्रसाद में उपयोग होता है। इन दिनों कांग्रेस में होड़ है कि कौन-कितना अपमान कर सकता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने इसे टोटके वाला नारियल बताया है तो सिंधिया यह बताएं कि क्या वे टोना-टोटका में भरोसा करते हैं। ऐसा कौन है जो उन पर टोटका कर रहा है।

Share This News :