Home > अपना शहर ,
दो दिवसीय ग्रामीण रोजगार मेला प्रारंभ प्रथम दिवस 538 युवाओं का 8 कंपनियों ने लिया साक्षात्कार

युवाओं को सीधे रोजगार से जोड़ने के लिये ग्रामीण रोजगार मेले का आयोजन आज एमएलबी कॉलेज में आयोजित किया गया। दो दिवसीय इस रोजगार मेले का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मनीषा भुजवल सिंह यादव ने किया। प्रथम दिवस मेले में मुरार एवं बरई जनपद के 1100 से अधिक युवाओं ने अपना पंजीयन कराया।

      मेले में जनपद पंचायत मुरार अध्यक्ष श्रीमती कमला बाबू सिंह गुर्जर, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत मुरार श्री राजीव मिश्रा और मुख्य कार्यपालन अधिकारी बरई श्री ओ एन गुप्ता, परियोजना अधिकारी जिला पंचायत श्री राजपूत, श्री सुनील सिंह चौहान एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

      जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मनीषा भुजवल सिंह यादव ने रोजगार मेले के शुभारंभ अवसर पर कहा कि रोजगार मेला युवाओं को रोजगार दिलाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगा। ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं के लिये इस प्रकार के मेलों का आयोजन निरंतर होते रहना चाहिए। उन्होंने इस मेले में पधारे सभी कंपनियों के प्रतिनिधियों का भी आभार मानते हुए अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार से जोड़ने की अपील की। कार्यक्रम के प्रारंभ में उन्होंने सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर मेले का शुभारंभ किया।

      मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत मुरार श्री राजीव मिश्रा ने बताया कि यह रोजगार मेला दो दिवसीय आयोजित किया गया है। प्रथम दिवस मुरार एवं बरई के युवाओं को बुलाया गया है। अगले दिन दिनांक 18 नवम्बर को डबरा एवं भितरवार के युवाओं को मेले में बुलाकर रोजगार मुहैया कराने हेतु कंपनियों के साथ चर्चा कराई जायेगी। प्रथम दिवस 538 युवाओं का साक्षात्कार विभिन्न कंपनियों द्वारा लिया गया है। मेले में कुल 8 कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल हुए हैं। प्रथम दिवस 1100 प्रतिभागियों ने अपना पंजीयन कराया है। रोजगार मेले में जो कंपनियाँ शामिल हुई हैं, उनमें कैन्ट आरो, एसबीआई लाईफ, डीएचएफएल, ईगल सिक्योरिटी शिवपुरी, अम्बा शक्ति उद्योग बानमोर, बीआरएस फूड मालनपुर, बिरला सन्लाईफ इन्श्योरेंस, शरटलिंग एग्रो मालनपुर इत्यादि।

  

Share This News :