Home > अपना शहर ,
जेएएच अस्पताल की विद्युत व्यवस्था चुस्त-दुरूस्तघ करें – संभाग आयुक्त अस्पताल के लिये क्रय किए गए 300 नए गद्दों का शीघ्र वितरण करें

जेएएच अस्पताल के विभिन्न वार्डों तथा परिसर में विद्युत की व्यवस्थायें चुस्त-दुरूस्त की जाएँ। इसके साथ ही अस्पताल परिसर में लगे हुए जनरेटरों से कनेक्शन आदि का कार्य भी व्यवस्थित रूप से किया जाए। चिकित्सा क्षेत्र में मरीजों के उपचार में विद्युत की अवरूद्धता के कारण किसी भी मरीज को परेशानी नहीं होना चाहिए। उक्त निर्देश संभाग आयुक्त श्री एस एन रूपला ने आज मेडीकल कॉलेज में आयोजित बैठक में दिए।

      बैठक में मेडीकल कॉलेज के डीन डॉ. एस एन आयंगर, विभागाध्यक्ष कार्डियोलॉजी डॉ. पुनीत रस्तोगी, विभागाध्यक्ष स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग डॉ. ज्योति बिंदल, स्त्री रोग विभाग डॉ. आर के एस धाकड़, प्रभारी जेएएच डॉ. एस के शर्मा, बाल रोग विभाग डॉ. रवि, त्वचा रोग विभाग डॉ. अनुभव गर्ग, विद्युत विभाग, लोक निर्माण विभाग तथा नगर निगम के अधिकारीगण उपस्थित थे।

      संभागीय आयुक्त श्री एस एन रूपला ने कहा कि चिकित्सालय के लिये 300 नए गद्दे क्रय किए गए हैं, उनका वितरण तत्काल कराया जाए। इसके साथ ही पुराने गद्दों की मरम्मत का कार्य भी विभागीय स्तर पर करा लिया जाए। इसके पश्चात भी आवश्यकता हो तो नए गद्दे क्रय करने हेतु कार्रवाई की जाए। बैठक में दवाओं की उपलब्धता के संबंध में भी चर्चा की गई। जानकारी दी गई कि अस्पताल में दवायें पर्याप्त उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि उपलब्ध दवाओं के अतिरिक्त भी किसी विशेष दवा की आवश्यकता हो तो स्थानीय स्तर पर क्रय करने की कार्रवाई की जाए। दो स्मार्ट क्लास रूम जनभागीदारी से बनाने के कार्य को तत्परता से किया जाए।

श्री रूपला ने सुपर स्पेशियलिटी निर्माण कार्य के संबंध में भी चर्चा की तथा अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि अस्पताल परिसर में अतिरिक्त रूप से लगे हुए ट्रांसफार्मर को जोड़ा जाए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर उसका उपयोग किया जा सके। नगर निगम के अधिकारियों को पीएसएम विभाग के सामने नाला सफाई के कार्य को शीघ्र कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में अधिकारियों द्वारा अस्पताल की व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।

Share This News :