Home > अपना शहर ,
लोक सेवा गारंटी और समय-सीमा के प्रकरणों के निराकरण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी - कलेक्टर डॉ. गोयल

6 अधिकारियों पर लगाया अर्थदण्ड

कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने आज लोक सेवा गारंटी योजना के तहत समय पर सुविधायें मुहैया न कराने पर 6 अधिकारियों पर 25 हजार 250 रूपए अर्थदण्ड की कार्रवाई की है। उन्होंने कहा है कि सीएम हैल्पलाईन, लोक सेवा गारंटी, जन-सुनवाई में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। दोषी अधिकारी-कर्मचारियों के विरूद्ध दण्डात्मक कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने यह बात आज प्रति सप्ताह होने वाली अंतरविभागीय समन्वय बैठक में कही।

बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री नीरज कुमार सिंह, एडीएम श्री शिवराज वर्मा, एडीएम श्री विवेक श्रोत्रिय, विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुरेश शर्मा सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

कलेक्टर डॉ. गोयल ने कहा कि शासन द्वारा लोक सेवा गारंटी और सीएम हैल्पलाईन को गंभीरता से मॉनीटर किया जा रहा है। इन दोनों ही योजनाओं में प्राप्त आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण किया जाए। समय रहते आवेदनों का निराकरण न होने पर संबंधित अधिकारियों के विरूद्ध कार्यवाही हेतु संभागीय आयुक्त को प्रस्ताव भेजा जायेगा। उन्होंने कहा कि योजनाओं में प्राप्त आवेदन का निराकरण करने के साथ ही निराकरण में लापरवाही बरतने वाले अधीनस्थ अमले पर भी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

सभी अधिकारी सीएम हैल्पलाईन, लोक सेवा गारंटी, जन-सुनवाई में प्राप्त आवेदनों का प्रतिदिन परीक्षण करें तथा समय रहते इनका निराकरण सुनिश्चित करें। जिन प्रकरणों में आवेदक को नियमानुसार सुविधा मुहैया नहीं कराई जा सकती, उन प्रकरणों में स्पष्ट रूप से लिखकर आवेदक को सूचित किया जाए।

सीआर समय पर प्रस्तुत करें

      कलेक्टर डॉ. गोयल ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अपनी और अपने अधीनस्थ अमले की सीआर भरकर तत्काल कलेक्टर कार्यालय में प्रस्तुत करें। समय पर सीआर प्रस्तुत न करने पर उनकी सीआर में इस लापरवाही को भी अंकित किया जायेगा।

--2--

 

सभी को मिले एलपीजी कनेक्शन

      कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने बैठक में निर्देशित किया कि शत प्रतिशत घरों में एलपीजी गैस का उपयोग हो। इसके लिये सभी जरूरतमंदों को गैस कनेक्शन उपलब्ध कराए जाएँ। राशन की दुकानों पर भी एलपीजी गैस कनेक्शन हेतु फॉर्म रखे जाएँ, ताकि अधिक से अधिक लोग एलपीजी गैस कनेक्शन हेतु आवेदन कर सकें। प्राप्त आवेदनों पर तत्परता से गैस कनेक्शन उपलब्ध कराए जाएँ। प्रदूषण नियंत्रण के लिये उक्त कार्य को प्राथमिकता के साथ पूर्ण कराया जाए।

विकास कार्यों की समीक्षा

      कलेक्टर ने बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा जिले में संचालित विकास कार्यों की भी समीक्षा की। बैठक के दौरान अंतरविभागीय समन्वय के संबंध में चर्चा की गई तथा विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। बैठक में ग्वालियर विकास प्राधिकरण, पीडब्ल्यूडी, आरईएस एवं जिला पंचायत के कार्यों की समीक्षा की गई तथा अधिकारियों को विकास कार्यों में समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए हैं।

लोक सेवा गारंटी में 25 हजार 500 रूपए का अर्थदण्ड

      लोक सेवा गारंटी अधिनियम के प्रावधानों के तहत समय-सीमा में लोगों को सुविधा मुहैया न कराने या प्रकरणों का निराकरण न कर पाने के कारण कलेक्टर डॉ. संजय गोयल द्वारा जिले के 6 अधिकारियों पर 25 हजार 250 रूपए का अर्थदण्ड रोपित किया गया है। इसमें तहसीलदार भितरवार/चीनौर श्री उमेश कौरव पर 2 हजार, नायब तहसीलदार पिछोर श्री दिलीप दरोगा पर 5 हजार, सिविल सर्जन स्वास्थ्य सेवायें डॉ. डी डी शर्मा पर 5 हजार, विकासखण्ड चिकित्सा अधिकारी डबरा डॉ. मांगीलाल कदम पर 5 हजार, विकासखण्ड चिकित्सा अधिकारी घाटीगाँव डॉ. विनोद कुमार दोनेरिया पर 5 हजार तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत भितरवार श्री ब्रम्हेन्द्र गुप्ता पर 3 हजार 250 रूपए का अर्थदण्ड लगाया गया है।

Share This News :