Home > अपना शहर ,
संभागीय अधिकारी अपनी विभागीय योजनाओं के प्रति अलर्ट रहें

ग्वालियर संभाग के कमिश्नर श्री शिवनारायण रूपला ने संभाग के सभी अधिकारियों से कहा है कि वे अपनी विभागीय योजनाओं के प्रति अलर्ट रहकर सभी विभागीय योजनाओं में निर्धारित समय अवधि में लक्ष्यों की पूर्ति सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि विभागीय योजनाओं की समीक्षा अब हर स्तर से होगी। सभी को सतर्क होकर काम करने की जरूरत है। कमिश्नर श्री शिवनारायण रूपला बुधवार को अपने सभाकक्ष में संभागीय अधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक में संयुक्त कमिश्नर श्री बी एस जाटव, उपायुक्त राजस्व श्री विनोद भार्गव सहित सभी संभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

      बैठक को संबोधित करते हुए कमिश्नर श्री रूपला ने कृषि विभाग के संभागीय संयुक्त संचालक को निर्देश दिए कि वे किसानों को दोगुना लाभ दिलाने के लिये लगातार विभागीय योजनाओं में गति देने और कृषकों को उन्नत कृषि तकनीक की ओर अग्रेषित करने के लिये लगातार प्रयास करते रहें। कमिश्नर ने विभागीय कृषि योजनाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि बोनी कार्य में गति लायें। किसानों को पर्याप्त खाद-बीज की व्यवस्था रहे। किसानों का लगातार रबी फसल का बीमा कराने पर भी जोर दिया। श्रम विभाग की योजनाओं की समीक्षा करते हुए कमिश्नर ने कहा कि छूटे हुए मजदूरों, हम्मालों, ठेला चालकों, रिक्शा चालकों को इन कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ें। श्रम कल्याण की किसी भी योजना से कोई भी पात्र व्यक्ति वंचित नहीं रहना चाहिए। कमिश्नर ने हर योजना की मॉनीटरिंग करने के लिये जिला पंचायत को मॉनीटरिंग सिस्टम से जोड़ने के भी निर्देश श्रम अधिकारी को दिए।

      उद्यानिकी विभाग की समीक्षा करते हुए कमिश्नर ने कहा कि उद्यानिकी फसलों के लक्ष्यों की पूर्ति अत्यंत कम है। बोनी भी कम हुई है, इसमें भी गति लायें। शत प्रतिशत ऑनलाईन रजिस्ट्रेशन हो जाए। सभी किसानों का रबी फसल बीमा हो जाए।

      सहकारिता की समीक्षा करते हुए कमिश्नर ने संयुक्त पंजीयक को निर्देश दिए कि वे वसूली पर ज्यादा ध्यान दें। अभी तक की वसूली संतोषजनक नहीं है। उन्होंने खाद उठाव कराने, मार्फेट को खाद का पैसा उपलब्ध कराने, क्रेडिट लिमिट को बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अभी भी मार्फेट के पास 38 हजार मैट्रिक टन खाद पड़ा है, इसका शीघ्र उठाव कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में महिला बाल विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, आदिम जाति कल्याण की योजनाओं की भी समीक्षा की गई।

रोजगार मूलक योजनाओं में दिसम्बर के अंत तक लक्ष्यपूर्ति सुनिश्चित हो

      कमिश्नर श्री रूपला ने रोजगारमूलक योजनाओं से जुड़े सभी अधिकारियों को पुन: निर्देश देते हुए कहा कि सभी रोजगारमूलक योजनाओं में दिसम्बर 2016 के अंत तक लक्ष्यों की पूर्ति सुनिश्चित हो जाए। कमिश्नर ने कहा कि खादी ग्रामोद्योग, अंत्यावसायी, आदिम जाति कल्याण की योजनाओं में प्रगति अभी भी संतोषजनक नहीं है। उद्योग विभाग की योजनाओं में ग्वालियर जिला अभी भी पिछड़ा हुआ है। इसमें गति लाने की जरूरत है।

Share This News :