Home > अपना शहर ,
शिक्षा के साथ-साथ खेल एवं कला मनुष्य के सम्पूर्ण विकास के लिये जरूरी – श्री पवैया

राज्य स्तरीय टेबल टेनिस एवं जूडो प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण सम्पन्न

प्रदेश के उच्च शिक्षा, लोक सेवा प्रबंधन एवं जन शिकायत निवारण मंत्री श्री जयभान सिंह पवैया ने कहा है कि व्यक्ति के सम्पूर्ण विकास के लिये शिक्षा के साथ-साथ खेल और कला अति महत्वपूर्ण है। केवल शिक्षा के माध्यम से व्यक्ति का सम्पूर्ण विकास नहीं हो सकता। उन्होंने यह बात आज जिला टेबल टेनिस एसोसिएशन द्वारा फिजिकल कॉलेज में आयोजित राज्य स्तरीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता एवं जिला जूडो संघ द्वारा जीवाजी विश्वविद्यालय में आयोजित राज्य स्तरीय जूडो प्रतियोगिता के पुरस्कार वितरण समारोह में खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कही।
कार्यक्रम में ग्वालियर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री अभय चौधरी, जीवाजी विश्वविद्यालय के खेल प्रशिक्षक श्री केशव सिंह गुर्जर, टेबल टेनिस एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष श्री दीपक सचेती, डॉ. बी आर श्रीवास्तव, टेबल टेनिस संघ के प्रदेश अध्यक्ष श्री ओ एम सोनी, डॉ. सुभाष भोण्डे, श्री अशोक यादव, खेल प्रशिक्षक श्री मोहन सिंह सहित विभिन्न खेल एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों से पधारे खिलाड़ी उपस्थित थे।
उच्च शिक्षा मंत्री श्री जयभान सिंह पवैया ने कहा कि प्रदेश में उच्च शिक्षा में खेल एवं कला को भी अगले सत्र से शिक्षा का हिस्सा बनाया जायेगा। कॉलेजों में अध्ययन के साथ-साथ छात्र-छात्राओं को खेल, कला एवं योग से भी जोड़ा जायेगा। इससे विद्यार्थियों का सम्पूर्ण विकास होगा। उन्होंने कहा कि देश की रक्षा में सरहद पर खड़े सिपाही और खेल के मैदान में देश का प्रतिनिधित्व करते खिलाड़ियों में कोई फर्क नहीं होता। दोनों ही अपने देश के लिये जान की बाजी लगाकर देश का गौरव बढ़ाते हैं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को अपने देश के लिये अधिक से अधिक परिश्रम कर खेल को और निखारना चाहिए। प्रदेश सरकार भी खेलों के बढ़ावे के लिये हर संभव प्रयास कर रही है। हमारे प्रदेश की कई खेल प्रतिभाओं ने प्रदेश का ही नहीं देश का भी नाम रोशन किया है।
श्री पवैया ने कहा कि जूडो खेल आत्मरक्षा के लिये अति महत्वपूर्ण है। इस खेल को सभी लोगों को खेलना और सीखना चाहिए। खासकर बालिकाओं को तो इस खेल को अवश्य रूप से ही खेलना चाहिए, ताकि आत्मरक्षा के लिये इसका उपयोग कर सकें।
कार्यक्रम में विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री अभय चौधरी ने कहा कि प्रदेश के विभिन्न जिलों से पधारे खिलाड़ियों ने अपनी बेहतर खेल प्रतिभा का यहाँ प्रदर्शन किया है। जिन खिलाड़ियों को जीत नहीं मिल पाई है, उन्हें निराश नहीं होना चाहिए, बल्कि और परिश्रम के साथ अपने खेल में निखार लाना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिताओं में हार-जीत का उतना महत्व नहीं होता, जितना महत्व प्रतियोगिता में भागीदारी का होता है। प्रदेश में खेल प्रतिभाओं के निखार हेतु सरकार अधिक से अधिक सुविधायें खिलाड़ियों को मुहैया करा रही है। प्रदेश के कई खिलाड़ी अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाकर प्रदेश का नाम गौरवान्वित कर रहे हैं।
कार्यक्रम में अतिथियों ने खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित किए। अतिथियों का प्रारंभ में संघ के पदाधिकारियों ने स्वागत किया तथा स्मृति चिन्ह भेंट किए। इन दोनों प्रतियोगिताओं में प्रदेशभर के लगभग 500 बालक-बालिका खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

      

Share This News :