Home > अपना शहर ,
वार्ड-22 में हुए 76 लाख रूपए के निर्माण कार्य

प्रदेश की नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने नगर निगम क्षेत्र के वार्ड क्रं.-22 स्थित लुम्बिनी विहार में सीमेंट कंक्रीट मार्ग का लोकार्पण करने के बाद स्थानीय नागरिकों के साथ जन संवाद भी किया। उन्होंने बताया कि ग्वालियर शहर में विकास की गति गत तीन वर्षों में तेज हुई है। सभी जनप्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्रों के विकास और विस्तार के लिये लगातार प्रयत्नशील हैं।
श्रीमती माया सिंह ने बताया कि वार्ड-22 के पार्षद श्रीमती सोमवती पोपसिंह जाटव के द्वारा इस वार्ड में गत दो वर्षों में 76 लाख रूपए के विभिन्न निर्माण कार्य कराए जा चुके हैं। यह क्रम भविष्य में भी जारी रहेगा।
उन्होंने स्थानीय नागरिकों से स्वच्छ भारत अभियान की सफलता के लिये खुलकर सहयोग देने की अपेक्षा की और कहा कि जिस तरह हम अपने घर को साफ-सुथरा रखना चाहते हैं, उसी प्रकार से अगर हम अपने गली और मोहल्लों को भी स्वच्छ रखेंगे, तभी वास्तविक विकास माना जायेगा। उन्होंने स्थानीय नागरिकों की मांग पर लुम्बिनी विहार की शेष सड़कों एवं सीमेंट कंक्रीट रोड़, नवीन मांगलिक भवन निर्माण और पेयजल सुविधाओं के विस्तार की माँग के संबंध में कहा कि उनके द्वारा इन सभी माँगों को चरणबद्ध तरीके से पूर्ण कराया जायेगा।
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष श्री देवेश शर्मा, ग्वालियर विकास प्राधिकरण के पूर्व उपाध्यक्ष श्री धीर सिंह तोमर, पार्षद श्रीमती सोमवती पोपसिंह जाटव, श्री धर्मेन्द्र राणा, श्री कमल माखीजानी, पूर्व पार्षद श्री रामेश्वर भदौरिया सहित अन्य पार्टी पदाधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।

Share This News :