Home > अपना शहर ,
नई मुद्रा के आभाव में इलाज से मना करने वाले डॉक्टरों के विरूद्ध हो सकती है कार्रवाई सीएमएचओ ने लिखा पत्र

हर जरूरतमंद मरीज को इलाज मुहैया कराना हर निजी अस्पताल और नर्सिंग होम संचालकों का नैतिक दायित्व है। वे किसी भी परिस्थिति में अपने कर्तव्य से विमुख नहीं हो सकते हैं। विशेषकर मुद्रा परिवर्तन के इस समय में धन की आभाव में अगर किसी मरीज का इलाज करने से मना किया जाता है तो ऐसे चिकित्सकों के विरूद्ध मध्यप्रदेश उपचार्यागृह तथा रूजोपचार संबंधी स्थापनायें नियम 1997 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जायेगी।

      मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस एस जादौन ने सभी निजी चिकित्सकों, नर्सिंग होम संचालकों व क्लीनिक संचालकों को पत्र जारी कर इस आशय के निर्देश दिए हैं कि वे अपने नैतिक मूल्यों और कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए उन तक पहुँचने वाले प्रत्येक मरीज का उपचार सुनिश्चित करें।

      श्री जादौन ने कहा है कि इस संबंध में गत दिवस संभाग आयुक्त श्री एस एन रूपला, कलेक्टर डॉ. संजय गोयल और संचालक लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण डॉ. साहू द्वारा भी जिले के चिकित्सकों से मरीजों को बेहतर उपचार मुहैया कराने की अपील की गई थी। जिस संबंध में कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने कहा था कि यदि किसी मरीज के पास मुद्रा नहीं है तो भी निजी चिकित्सक मरीज को वापस न भेजें, बल्कि उसे प्राथमिक उपचार मुहैया कराकर आवश्यकता होने पर जेएएच समूह अथवा जिला चिकित्सालय में रेफर कर सकते हैं। रेफर की सूचना जेएएच के अधीक्षक, सीएमएचओ और सिविल सर्जन को अनिवार्य रूप से दी जाए, जिससे मरीजों के इलाज में कोई कठिनाई न आने पाए।

      उन्होंने कहा कि निजी स्वास्थ्य संस्थाओं से अगर मरीजों की उपेक्षा से संबंधित कोई शिकायत प्राप्त होती है तो संबंधित संस्थान और चिकित्सक के विरूद्ध उक्त अधिनियम के प्रावधानों के तहत वैधानिक कार्रवाई प्रशासन द्वारा की जायेगी।

Share This News :