Home > अपना शहर ,
ग्राम सातऊ में शक्ति चौपाल का आयोजन

बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के अंतर्गत बालिकाओं के अस्तित्व, सुरक्षा और शिक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बरई विकासखण्ड की ग्राम पंचायत सातऊ में शक्ति चौपाल का आयोजन किया गया। इस चौपाल में ग्राम पंचायत के सरपंच श्री राजेन्द्र सिंह, जिला समन्वयक श्री गौरव शर्मा, जिला महिला सशक्तिकरण अधिकारी श्री शालीन शर्मा द्वारा घर-घर जाकर पीले चावल और आमंत्रण पत्र प्रदान कर लोगों से अभियान की सफलता के लिये सहयोग माँगा।

यूएनएफपीए, महिला सशक्तिकरण व धरती संस्था द्वारा संयुक्त रूप से यह अभियान ग्वालियर जिले के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित किया जा रहा है।

महिला सशक्तिकरण अधिकारी श्री शालीन शर्मा ने बताया कि शिशु लिंगानुपात में सुधार लाने के लिये विभाग द्वारा समुदाय का सहयोग और जनप्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिये शक्ति चौपालों का आयोजन किया जा रहा है। इन चौपालों में लोगों को बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम के उद्देश्यों, शिशु लिंगानुपात में सुधार, बाल विवाह, दहेज प्रथा, घरेलू हिंसा जैसी कुप्रथाओं के लिये बनाए गए कानूनी प्रावधानों से अवगत कराया जा रहा है। इसके साथ ही कन्या भ्रूण हत्या को प्रभावी ढंग से रोकने के लिये ग्रामीणों को पीसी-पीएनडीटी एक्ट और बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम के विषय में भी विस्तार से समझाईश दी जा रही है। जिले में इस तरह की चौपालों का आयोजन भविष्य में भी जारी रखा जायेगा।

Share This News :