Home > slider news,अपना मध्यप्रदेश,
MP में एक लाख बच्चे अपना पहला जन्मदिन ही नहीं देख पाते: सिंधिया

भोपाल। à¤•ांग्रेस सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने फेसबुक लाइव के दौरान मध्यप्रदेश में कुपोषण की स्थिति को चिंताजनक बताया। उन्होंने कहा कि यहां एक लाख बच्चे अपना पहला जन्मदिन तक नहीं देख पाते हैं। जबकि सरकार कुपोषण और शिशु मृत्युदर को कम करने के लिए हर साल 2000 करोड़ रुपए खर्च करती है।

सिंधिया ने दावा किया कि मप्र में नवंबर में कांग्रेस की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि जब सरकार बनेगी तो हम अमेरिका या यूरोप के साथ तुलना नहीं करेंगे, बल्कि मप्र का अपना मॉडल बनाएंगे। सरकार में आने पर हर संभाग का अलग-अलग प्लान बनाएंगे, क्योंकि हर क्षेत्र की क्षमता और जरूरत अलग-अलग होती है। हम शिक्षा, स्वास्थ्य, किसानों को लाभ दिलाने, महिला सुरक्षा और नौजवानों को रोजगार या काम दिलाने में प्रदेश को नंबर एक बनाएंगे, जो मौजूदा समय में दुष्कर्म व अवैध उत्खनन में देश में अव्वल स्थान पर है।

पहले गुट थे, अब नहीं

कांग्रेस सांसद ने गुटबाजी की बात को स्वीकारते हुए कहा कि अब दिग्विजय, कमलनाथ या मेरे गुट नहीं रहे। हम सब एक हैं, क्योंकि अब प्रदेश और जनता के लिए संग्राम का समय है। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह द्वारा मप्र में भाजपा को अंगद का पैर बताने और कांग्रेस नेताओं के कार्टून बनाए जाने के सवाल पर कहा कि अंगद का पैर नवंबर के चुनाव में आने वाले भूकंप में धरती में समा जाएगा। कांग्रेस के खिलाफ भाजपा भ्रामक खबर और दुष्प्रचार करेगी, लेकिन जनता अब जान गई है और वह सच्चाई का साथ देगी।

मप्र में भ्रष्टाचार का कैंसर

सिंधिया ने कहा कि मप्र में भ्रष्टाचार के रूप में कैंसर है। हम इसकी कीमोथैरेपी कर इलाज करेंगे। हमारी सरकार बनेगी तो जीरो टॉलरेंस होगा। रिश्वत लेने या भ्रष्टाचार करने वालों पर तुरंत कार्रवाई होगी।

एक सवाल में जब उनसे तेज धूप में रोड शो के दौरान सेहत पर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि चमड़ी तो जलती है और शो में प्याज दिखाते हुए कहा यह भी साथ रखता हूं। सिंधिया ने कहा कि इस प्याज को किसान प्रदेश सरकार के कारण सड़कों पर फेंकने को मजबूर हो जाते हैं।

Share This News :