Home > slider news,अपना मध्यप्रदेश,
एमपी बीजेपी में चुनाव प्रबंध समिति में भी काम का बंटवारा जल्द होगा, शाह मोर्चा सभालेंगे

 à¤­à¥‹à¤ªà¤¾à¤². à¤­à¤¾à¤œà¤ªà¤¾ के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह अगले महीने दो दिन तक भोपाल में कैम्प कर चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देंगे। चुनाव प्रबंध समिति में भी काम का बंटवारा जल्द किया जाएगा। साथ ही प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं को विधानसभावार जिम्मेदारी भी सौंपी जाएगी। जिला स्तरीय नेताओं को चुनाव के मद्देनजर मैदानी और मैनेजमेंट संबंधी काम सौंपे जाएंगे।

भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. अनिल जैन की मौजूदगी में संपन्न हुई प्रदेश पदाधिकारी एवं कोर ग्रुप सदस्यों की बैठक में यह जानकारी दी गई। उन्होंने केन्द्रीय कार्यक्रमों की रूपरेखा समझाई एवं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश के कार्यक्रमों का ब्योरा पेश किया। प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह के जिलों में होने वाले दौरे और कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। दिनभर चली मैराथन बैठकों के बाद देर शाम कोर ग्रुप के सदस्यों ने विधानसभा चुनाव की दृष्टि से कार्यक्रमों की समीक्षा और आगामी तैयारियों पर विचार-विमर्श किया।

डॉ. जैन ने बताया कि 26 मई को केन्द्र सरकार के चार साल पूरे हो रहे हैं। जिला एवं मंडल स्तर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल की चौथी सालगिरह धूमधाम से मनाने की तैयारी करें। ये कार्यक्रम जिला और मंडल स्तर पर मनाए जाएंगे।

केन्द्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और थावरचंद गेहलोत दिल्ली की व्यस्तता के चलते भोपाल नहीं पहुंचे। इसलिए भाजपा चुनाव प्रबंध समिति की बैठक टाल दी गई। कोर ग्रुप की बैठक में संगठन महामंत्री सुहास भगत, कैलाश जोशी, प्रभात झा, विक्रम वर्मा, कृष्ण मुरारी मोघे, मंत्री जयंत मलैया, राजेन्द्र शुक्ल, कैलाश विजयवर्गीय और प्रहलाद पटेल भी मौजूद थे।

कोरग्रुप में इस पर भी चर्चा की गई कि 1 से 10 जून तक कृषि उपज मंडियों में होने वाले किसान आंदोलन को लेकर विशेष सतर्कता बरतें। विस क्षेत्रों में होने वाली विकास यात्रा, सीएम की जनआशीर्वाद यात्रा और महिला सम्मेलनों की रूपरेखा पर भी चर्चा हुई। कार्यक्रमों के लिए पंचायत स्तर तक समितियां गठित होंगी और उनकी निगरानी भी की जाएगी।

Share This News :