Home > अपना शहर ,
सुरक्षित मातृत्व अभियान में निजी चिकित्सकों की भूमिका महत्वपूर्ण – स्वास्थ्य मंत्री श्री सिंह

प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान पर संभागीय कार्यशाला सम्पन्न

प्रदेश के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री रूस्तम सिंह ने कहा है कि प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के सफल क्रियान्वयन में निजी संस्थाओं के चिकित्सकों की भूमिका महत्वपूर्ण हैं। चिकित्सकों द्वारा अपने नैतिक दायित्वों का निर्वहन करते हुए स्वैच्छिक रूप से शासकीय स्वास्थ्य संस्थाओं में नि:शुल्क सेवा प्रदान करनी चाहिए। उन्होंने यह बात राज्य स्वास्थ्य प्रबंधन एवं संचार संस्थान में आयोजित प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान की संभागीय कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में कही।

      कार्यशाला में संचालक स्वास्थ्य परिवार कल्याण डॉ. के एल साहू, संयुक्त संचालक स्वास्थ्य सेवायें डॉ. भदकारिया सहित ग्वालियर-चंबल संभाग के सभी जिलों के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, सिविल सर्जन, जिला स्वास्थ्य अधिकारी व ग्वालियर शहर के नर्सिंग होम संचालकगण उपस्थित थे।

      स्वास्थ्य मंत्री श्री रूस्तम सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की पहल पर प्रदेश में गर्भवती महिलाओं में प्रसव पूर्व एक जाँच के लिये 9 अगस्त 2016 से प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान प्रारंभ किया गया है। इसके अंतर्गत प्रत्येक गर्भवती महिला की द्वितीय व तृतीय त्रैमास में एक जाँच स्त्री रोग विशेषज्ञ चिकित्सक द्वारा कराए जाने का अभियान है। इस जाँच में गर्भवती महिला के हीमोग्लोबिन, यूरिन एल्बोमिन, ब्लड शुगर, मलेरिया, बीडीआरएल, एचआईवी, ब्लड शुगर ग्रुपिंग एवं पोस्ट प्रेण्डियल, ब्लड शुगर सोनोग्राफी जैसी जाँचें कराई जाती हैं। इसके साथ ही विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा सुरक्षित प्रसव के संबंध में उन्हें आवश्यक सलाह-मश्वरा भी दिया जाता है।

      श्री सिंह ने कहा कि प्रसूति के दौरान मातृ मृत्यु दर नियंत्रित करने के लिये अभियान के तहत उनकी संस्थाओं में कार्यरत चिकित्सकों से यह अपेक्षा की गई है कि वे इस अभियान में स्वेच्छा से नि:शुल्क रूप अपनी सेवायें प्रदान करें। ये सेवायें माह में एक बार 9 तारीख को उपलब्ध कराई जाती हैं। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा इस अभियान के अंतर्गत स्वैच्छिक सेवायें देने वाले निजी चिकित्सकों को प्रोत्साहित और पुरस्कृत करने का कार्य भी राज्य सरकार द्वारा किया जायेगा।

      डॉ. साहू ने बताया कि इस अभियान से जुड़ने वाले निजी संस्थाओं के चिकित्सक अपना रजिस्ट्रेशन भारत सरकार की वेबसाइट www.pmsma.nhp.gov.in पर या टोल फ्री नम्बर 1800-180-1104 पर जानकारी प्राप्त कर अपना रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। इसके लिये राज्य सरकार द्वारा जिला स्तर पर कलेक्टर की अध्यक्षता में एक समिति का गठन भी किया गया है।

  

Share This News :