Home > अपना शहर ,
राष्ट्रीय लोक अदालत आज सफल लोक अदालत के लिये तैयारियाँ पूर्ण

मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय की ग्वालियर खण्डपीठ में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन 12 नवम्बर को किया जायेगा। इस लोक अदालत का विधिवत शुभारंभ ग्वालियर खण्डपीठ के प्रशासनिक न्यायाधिपति श्री एन के गुप्ता प्रात: 10.50 बजे करेंगे। शुभारंभ कार्यक्रम उच्च न्यायालय के मुख्य भवन में प्रिंसिपल रजिस्ट्रार के चेम्बर के समीप ग्राउण्ड फ्लोर पर आयोजित कार्यक्रम में सम्पन्न होगा।

      प्रिंसिपल रजिस्ट्रार श्री गौरीशंकर दुबे ने बताया कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली के निर्देशानुसार आयोजित की जा रही इस राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन के लिये सभी तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं। इस लोक अदालत में मोटर दुर्घटना क्लेम अपील, वैवाहिक, बैंक को वसूली से संबंधित सिविल अपील, सर्विस व सेवानिवृत्ति का स्वात्वि भुगतान संबंधी रिट पिटीशन एवं समझौता योग्य आपराधिक प्रकरणों सहित अन्य प्रकरणों के निराकरण के लिये लोक अदालत में अलग-अलग बैंच गठित की गई हैं।

      उन्होंने बताया कि न्यायाधिपति श्री एम के गुप्ता व सीनियर एडवोकेट श्री के एन गुप्ता, न्‍यायाधिपति श्री शील नागू एवं सीनियर एडवोकेट श्री एच डी गुप्ता, न्यायाधिपति श्री डी के पालीवाल एवं सीनियर एडवोकेट श्री एन पी द्विवेदी, न्यायाधिपति श्री रोहित आर्या तथा सीनियर एडवोकेट श्री एन के गुप्ता, न्यायाधिपति श्री एस ए धर्माधिकारी और सीनियर एडवोकेट श्री व्ही के सक्सेना, न्यायाधिपति श्री आनंद पाठक, सामाजिक कार्यकर्ता एस के माथुर, न्यायाधिपति श्री विवेक अग्रवाल, सामाजिक कार्यकर्ता श्री प्रदीप कश्यप, न्यायाधिपति श्री जी एस अहलूवालिया एवं सीनियर एडवोकेट श्री के एस तोमर की बैंच गठित की गई हैं। जो लोक अदालत के दौरान प्रकरणों का निराकरण करेंगी।

      इस लोक अदालत के माध्यम से निराकृत प्रकरणों में पक्षकार पूर्व में अदा की गई कोर्ट फीस वापस पाने का हकदार होगा।

Share This News :