Home > अपना शहर ,
हर जरूरतमंद मरीज का इलाज कर उच्चतम मानवमूल्यों का परिचय दें – श्री रूपला कमिश्नर, कलेक्टर एवं संचालक स्वास्थ्य ने मुद्रा परिवर्तन के मद्देनजर नर्सिंग होम संचालकों की बैठक ली

हर जरूरतमंद मरीज को इलाज मुहैया कराकर निजी अस्पताल और नर्सिंग होम उच्चतम मानवमूल्यों का परिचय दें। ग्वालियर पर यह लांछन न लगे कि पैसे के अभाव में किसी जरूरतमंद मरीज को इलाज नहीं मिल पाया। यह बात संभाग आयुक्त श्री शिवनारायण रूपला ने मुद्रा परिवर्तन के मद्देनजर बुलाई गई शहर के निजी अस्पताल, नर्सिंग होम, पैथोलॉजी आदि चिकित्सकीय संस्थाओं के संचालकों व मेडीकल एसोसिएशन के प्रतिनिधियों से कही। श्री रूपला ने मुद्रा परिवर्तन की घोषणा के बाद ग्वालियर जिले के निजी नर्सिंग होम व अस्पतालों द्वारा मरीजों के प्रति दिखाई गई सहृदयता की सराहना भी की।

      शुक्रवार को यहाँ सिटी सेंटर स्थित राज्य स्वास्थ्य प्रबंधन एवं संचार संस्थान में आयोजित हुई बैठक में कलेक्टर डॉ. संजय गोयल, भोपाल से आए संचालक लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग डॉ. के एल साहू, संभागीय संयुक्त संचालक स्वास्थ्य सेवायें डॉ. एस के एस भदकारिया और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस एस जादौन सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं निजी अस्पतालों व नर्सिंग होम के प्रतिनिधि मौजूद थे।

      संभाग आयुक्त श्री रूपला ने कहा कि अब बैंकों द्वारा भी लगातार पुराने नोट बदले जा रहे हैं। साथ ही एटीएम भी चालू हो गए हैं। इसलिये अब लोगों को धनराशि की इतनी दिक्कत नहीं रही है। इसके बाबजूद नर्सिंग होम चाहें तो चैक लेकर भी मरीजों का इलाज कर सकते हैं।

      कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने कहा कि निजी अस्पताल व नर्सिंग होम आने वाले किसी भी मरीज को वापस न किया जाए। यदि उसके पास नई मुद्रा नहीं है तो भी उसे प्राथमिक चिकित्सा मुहैया कराकर जेएएच समूह अथवा जिला चिकित्सालय में रिफर किया जा सकता है। रिफर करने की सूचना जेएएच के अधीक्षक, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी और जिला चिकित्सालय के सिविल सर्जन को जरूर दी जाए, जिससे मरीज को इलाज मिलने में कोई कठिनाई नहीं हो।

      संचालक लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण डॉ. साहू ने कहा कि चिकित्सकीय सेवा सबसे बड़ी मानव सेवा है। इसलिये हम सभी का दायित्व है कि कोई भी मरीज धन के अभाव में इलाज से वंचित न रह जाए। उन्होंने कहा मुद्रा परिवर्तन के संबंध में नर्सिंग होम निर्धारित गाइडलाईन का पालन करें। साथ ही यह ध्यान रखें कि सभी मरीजों को प्रोपर इलाज मिल जाए।

      इस अवसर पर नर्सिंग होम संचालकों ने भरोसा दिलाया कि वे हर मरीज को बेहतर से बेहतर इलाज मुहैया कराने में पीछे नहीं हटेंगे।

  

Share This News :