Home > slider news,अपना मध्यप्रदेश,
इन दलों से होगा गठबंधन ,कमलनाथ का एलान -सितंबर तक कांग्रेस के सभी प्रत्याशी तय हो जाएंगे

मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने  एलान किया कि विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस सितंबर तक सभी प्रत्याशियों के नाम तय कर देगी। कांग्रेस का चुनावी बिगुल मंदसौर के पिपल्या मंडी से आगामी 6 जून को बजाया जाएगा, जिसमें कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी भी शामिल होंगे। इस बार चुनाव में क्षेत्र की जरुरत के हिसाब से बहुजन समाज पार्टी (बसपा), समाजवादी पार्टी (सपा) और गोंडवाना गणतंत्र पार्टी (गोंगपा) के साथ समझौते किए जाएंगे।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने यह बात  सेंट्रल प्रेस क्लब द्वारा आयोजित प्रेस से मिलिए कार्यक्रम में कही। कमलनाथ ने अपने या सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के विधानसभा चुनाव लड़ने के सवाल को टाल दिया और कहा कि अभी यह तय नहीं है, लेकिन यह जरूर दावा किया कि कांग्रेस की सरकार बनेगी। उस सरकार में मुख्यमंत्री कौन होगा तो इस प्रश्न को भी उन्होंने मजाक में टाल दिया।

मैंने देरी से मन बनाया

कमलनाथ ने कहा कि मैंने पीसीसी अध्यक्ष बनने के लिए देरी से मन बनाया। मेरे इस फैसले के कारण प्रदेश अध्यक्ष बदले जाने में देरी हुई। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव को लेकर कई स्तर पर सर्वे करा रहे हैं। एआईसीसी पर्यवेक्षक भेज रही है। उत्तर प्रदेश चुनाव में कांग्रेस के लिए काम करने वाले प्रशांत कुमार 'पीके" से भी मैं लगातार संपर्क में हूं। कांग्रेस की सरकार बनाने के लिए जिसके सहयोग की जरूरत महसूस होगी, उन सबकी मदद लेंगे।

मैं हिंदुस्तानी हूं

कमलनाथ अपनी जाति को लेकर पूछे गए एक सवाल पर कहा कि मैं हिंदुस्तानी हूं। जब उनसे यह सवाल किया गया कि एक राजनेता के रूप में करोड़ों की संपत्ति कमाई जा सकती है तो उन्होंने कहा कि 'मैंने शपथ-पत्र में प्रोफेशन में राजनीति इसलिए लिखा है, क्योंकि पासपोर्ट में यह लिख दिया था। संपत्ति का ब्योरा सालों से चुनाव आयोग को दे रहा हूं। मेरे पास 2200 रुपए के एक कंपनी के शेयर हैं जो काफी समय पहले लिए थे। मैं न तो किसी कंपनी में डायरेक्टर हूं न चेयरमैन। मेरे पिता द्वारा खोले गए बिजनेस स्कूल आईएमटी की सोसायटी का अवैतनिक चेयरमैन जरूर हूं, जिसमें साल में एक बार दीक्षांत समारोह में जाता हूं।

1980 में गरीबी थी, आज जीन्स पहनते हैं

छिंदवाड़ा मॉडल संबंधी सवाल पर उन्होंने कहा कि 1980 में छिंदवाड़ा में 90 फीसदी लोग गरीब थे, पातालकोट के लोग दुनिया से अलग थे और केवल नमक लेने ऊपर आते थे, महिलाएं कम कपड़े पहनती थीं। आज वहां युवा जीन्स पहन रहे हैं।

सरकार पर निशाना

कमलनाथ ने शिवराज सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आज देश में प्रदेश की जनता को सबसे ज्यादा महंगा पेट्रोल और सबसे महंगी बिजली दी जा रही है। प्रदेश में भ्रष्टाचार ने व्यवस्था का रूप ले लिया है।

पीपुल्स आयोग बनाएंगे

कमलनाथ ने कहा कि मप्र में सरकार बनते ही पीपुल्स आयोग बनाएंगे। इसमें व्यापमं घोटाले से लेकर नर्मदा घोटाले जैसे कई भ्रष्टाचार के मामलों की जांच कराई जाएगी। इसमें जनता का प्रतिनिधित्व होगा, नेता-अधिकारी होंगे।

विकास में मदद की

वे बोले कि केंद्र में जिस विभाग में मंत्री रहे वहां से प्रदेश के विकास में मदद की। शहरी विकास मंत्रालय से 5600 करोड़ रुपए दिए तो सेंट्रल रोड फंड के पेट्रोल खपत के मुताबिक राशि आवंटन के मापदंड को बदलकर प्रदेश के भौगोलिक क्षेत्र के अनुसार किया, जिससे मप्र को सड़कों के लिए ज्यादा राशि मिल सकी।

Share This News :