Home > slider news,अपना मध्यप्रदेश,
भाजपा ने फाइनल किया मिशन 2018 का रोडमैप ,जल्द होगा नया सर्वे

भोपाल। à¤­à¤¾à¤°à¤¤à¥€à¤¯ जनता पार्टी की प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति की मंगलवार को हुई पहली बैठक के साथ पार्टी के चुनाव अभियान का श्रीगणेश हो गया। ढाई घंटे तक चली बैठक में पार्टी नेताओं ने 'मिशन 2018' का रोडमैप खींचा। खास बात ये रही कि इस दौरान पार्टी के नेता कांग्रेस के मेगा-शो का सीधा प्रसारण भी देख रहे थे।

बैठक में संभागीय स्तर पर रैली करने से लेकर टिकट बांटने तक की गाइडलाइन भी तैयार की गई। विकास यात्राओं में सरकारी तंत्र के साथ संगठन की भी भूमिका तय हुई। 15 मई से लेकर 15 जून तक चलने वाली इन यात्राओं को लेकर तय किया गया कि किसी भी सूरत में इन्हें असफल नहीं होने देना है। इस बैठक में चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, प्रदेशाध्यक्ष राकेश सिंह, सह संयोजक नरोत्तम मिश्रा, लालसिंह आर्य, फग्गनसिंह कुलस्ते, नंदकुमार सिंह चौहान, प्रभात झा, माया सिंह, राजेंद्र शुक्ल मौजूद थे। समिति के सदस्य केंद्रीय मंत्री थावरचंद गेहलोत और कैलाश विजयवर्गीय बैठक में शामिल नहीं हो पाए।

जल्द होगा नया सर्वे

बदले हुए राजनीतिक हालात में भाजपा जल्द नया चुनावी सर्वे करवाएगी। इसमें विधायकों के परफॉरमेंस से लेकर विपक्षी दल कांग्रेस की स्थिति और उसके संभावित प्रत्याशी के बारे में बारीकी से जानकारी जुटाई जाएगी। चुनावी सर्वे का काम मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की टीम करेगी। इसमें कांग्रेस की सीटों पर हालात और उनके संभावित प्रत्याशी व मौजूदा विधायक का भी फीडबैक लिया जाएगा।

विकास यात्रा को सफल बनाना है

चुनाव समिति में 15 मई से प्रस्तावित विकास यात्रा को लेकर गंभीरता बरतने पर चर्चा की गई। एक महीने तक चलने वाली इस यात्रा में नए सिरे से संगठन पदाधिकारियों की भी जिम्मेदारी तय कर दी गई। अब तक यह सिर्फ सरकारी आयोजन था। मुख्यमंत्री, प्रभारी मंत्री इन यात्राओं में शामिल होंगे।

संभागीय रैलियां होंगी

चुनावी रोडमैप में अगले चार महीनों के कार्यक्रम को फाइनल किया गया है। इसमें हर संभाग में रैलियां भी प्रस्तावित की गई हैं। विकास यात्राओं के बाद होने वाली इन रैलियों में पार्टी के बड़े नेता शामिल होंगे।

कार्यक्रमों पर चर्चा हुई: राकेश सिंह

भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष राकेश सिंह ने कहा कि बैठक में आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के दौरे के बारे में मंथन किया गया। 14 मई के पंचायत चलो अभियान पर भी बात हुई है। उन्होंने कहा कि विजयवर्गीय कर्नाटक चुनाव में व्यस्त होने के कारण बैठक में शामिल नहीं हो पाए।

Share This News :