Home > अपना शहर ,
शत प्रतिशत लोगों को हितग्राहीमूलक योजनाओं से लाभ दिलाने के लिये विशेष अभियान 10 नवम्बर से रोजगारमूलक योजनाओं का लक्ष्य दिसम्बर 2016 के अंत तक पूर्ण हो कमिश्नर श्री रूपला ने की विभागवार योजनाओं की समीक्षा

विभिन्न कल्याणकारी हितग्राहीमूलक योजनाओं में पात्र सभी लोगों को लाभ दिलाने के लिये राज्य शासन द्वारा प्रदेशभर में 10 नवम्बर से विशेष अभियान चलाया जायेगा। यह अभियान 30 नवम्बर 2016 तक चलेगा। इस अभियान के दौरान सभी पात्र हितग्राही को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने के लिये प्रेरित किया जाकर योजनाओं से लाभान्वित किया जायेगा। अभियान के दौरान एक भी हितग्राही योजना के लाभ से वंचित नहीं रह पाए। यह निर्देश ग्वालियर संभाग के कमिश्नर श्री शिवनारायण रूपला ने बुधवार को अपने सभाकक्ष मानसभागार में आयोजित संभागीय अधिकारियों की विभागीय समीक्षा बैठक में दिए।
कमिश्नर श्री रूपला ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी सामाजिक पेंशन योजनाओं, अंत्योदय, ग्रामोद्योग, आर्थिक कल्याण, नि:शक्तजन, उद्यमी विकास, मानसिक विकलांग, लाड़ली लक्ष्मी, कन्यादान, किसानों, मजदूरों, हम्मालों, तुलावटी, रिक्शा चालकों, ठेला चालकों के हित कल्याण के लिये संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से शत प्रतिशत लोगों को जोड़ें। कमिश्नर ने नगरीय प्रशासन के उपसंचालक श्री कार्तिकेय को निर्देश दिए कि वे योजनाओं का वार्डवार पत्रक बनाकर समीक्षा करें। संभागीय अधिकारी अपने अधीनस्थों से हर योजना की समीक्षा करें। उन्होंने कहा कि योजनाओं से वंचित सभी पात्र हितग्राही अभियान की अंतिम तिथि 30 नवम्बर 2016 तक जुड जाएँ। उन्होंने कहा कि दिसम्बर 2016 के प्रथम सप्ताह में इस अभियान की प्रगति की समीक्षा की जायेगी। राज्य स्तर पर भी प्रगति से अवगत कराना होगा।

बच्चों के कटे-फटे होठों के नि:शुल्क ऑपरेशन कराएँ
कमिश्नर श्री रूपला ने संयुक्त संचालक स्वास्थ्य डॉ. भदकारिया को निर्देश दिए कि संभाग के पाँचों जिलों में बच्चों के कटे-फटे होठों की नि:शुल्क सर्जरी के लिये कैम्प आयोजित कराएँ। कैम्प लगाने के पूर्व जिलों में ऐसे बच्चों का सर्वे कराएँ। सर्वे में कोई भी बच्चा छूटे नहीं। इसी तरह बाल हृदय उपचार योजना के तहत ऐसे बच्चों का सर्वे कराया जाए जो हार्ट बीमारी से पीड़ित है। ऐसे बच्चों की सर्जरी के लिये भी कैम्प लगाकर हार्ट स्पेशलिस्ट चिकित्सकों से सर्जरी कराएँ। मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिये भी लगातार कैम्पों का आयोजन होता रहे। कमिश्नर श्री रूपला ने स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि डेंगू, चिकुनगुनिया के प्रभावी उपचार की व्यवस्थायें सुनिश्चित करें। डेंगू, चिकुनगुनिया के प्रतिदिन लिए जा रहे सेम्पलों की जानकारी की रिपोर्ट लगातार भेजते रहें ताकि डेंगू चिकुनगुनिया के घटने-बढ़ने की जानकारी प्राप्त होती रहे। उन्होंने मलेरिया के सेम्पल भी ज्यादा से ज्यादा लेने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पूर्व से ही अगर स्लाइट ली जाती होती तो मलेरिया रोगियों की बढ़ोत्री नहीं होती।
रोजगार मूलक योजनाओं में दिसम्बर के अंत तक लक्ष्यपूर्ति सुनिश्चित हो
कमिश्नर श्री रूपला ने रोजगारमूलक योजनाओं से जुड़े सभी अधिकारियों को पुन: निर्देश देते हुए कहा कि सभी रोजगारमूलक योजनाओं में दिसम्बर 2016 के अंत तक लक्ष्यों की पूर्ति सुनिश्चित हो जाए। कमिश्नर ने कहा कि खादी ग्रामोद्योग, अंत्यावसायी, आदिम जाति कल्याण की योजनाओं में प्रगति अभी भी संतोषजनक नहीं है। उद्योग विभाग की योजनाओं में ग्वालियर जिला अभी भी पिछड़ा हुआ है। इसमें गति लाने की जरूरत है।
सहकारिता विभाग की समीक्षा करते हुए कमिश्नर ने संयुक्त पंजीयक को निर्देश दिए कि वे वसूली पर ज्यादा ध्यान दें। अभी तक की वसूली संतोषजनक नहीं है। उन्होंने खाद उठाव कराने पर जोर दिया। बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग, आदिम जाति कल्याण विभाग, सामाजिक न्याय विभाग सहित अन्य विभागों की भी समीक्षा की गई।

Share This News :