Homeखेल ,
मुंबई ने RCB को 46 रनों से पीटा, रोहित ब्रिगेड की पहली जीत

आखिरकार लगातार तीन मैच हारने के बाद मुंबई इंडियंस को पहली जीत नसीब हुई. मौजूदा आईपीएल के 14वें मैच में मुंबई ने वानखेडे़ स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 46 रनों से मात दी. 214 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी टीम निर्धारित 20 ओवरों में 167/8 रन ही बना पाई. कप्तान विराट कोहली 62 गेंदों में नाबाद 92 रन बनाए, लेकिन उनकी यह पारी बेंगलुरु की जीत के लिए नाकाफी साबित हुई. मो. सिराज 8 रन पर नॉट आउट रहे. आरसीबी की चार मैचों में यह तीसरी हार रही. मुंबई के लिए क्रुणाल पंड्या ने 28 रन देकर 3 विकेट चटकाए. जसप्रीत बुमराह और मिशेल मैक्लेनघन को 2-2 विकेट मिले. 52 गेंदों में 94 रनों की धमाकेदार पारी खेलने वाले मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा मैन ऑफ द मैच रहे.विराट ने 41 गेंदों में अपनी फिफ्टी पूरी की. 13वें ओवर में हार्दिक पंड्या के थ्रो पर विकेटकीपर ईशान किशन चोटिल हो गए. उन्हें फील्ड छोड़ कर जाना पड़ा. उनकी जगह आदित्य तारे विकेटकीपिंग करने आए. सरफराज खान (5) ने भी अपने कप्तान को निराश किया उन्हें मयंक मार्कंडेय ने अपनी लेग स्पिन में फंसाया, 103 के स्कोर पर तारे ने स्टंप उन्हें स्टंप  किया. आरसीबी के छठे विकेट का पतन हुआ. क्रिस वोक्स (11) भी दबाव नहीं झेल पाए, उन्हें जसप्रीत बुमराह ने क्रुणाल के हाथों कैच कराया. 135 के स्कोर पर 7वां विकेट गिरा. इसी के बाद 137 के स्कोर पर बुमराह ने उमेश यादव (1) को लौटाया. रोहित ने वह कैच लपका. बुमराह का मुंबई इंडियंस के लिए यह 100वां विकेट रहा

क्रुणाल पंड्या ने दिए तीन झटके

मनदीप सिंह (16) के रूप में आरसीबी का तीसरा विकेट गिरा. उन्हें क्रुणाल पंड्या ने ईशान किशन के हाथों स्टंप कराया. इसी ओवर में कोरी एंडरसन (0) भी चलते बने. क्रुणाल ने उन्हें स्थानापन्न फील्डर जेपी डुमिनी के हाथों लपकवाया. आरसीबी को चौथा झटका लगा. 75 के स्कोर पर दोनों विकेट गिरे. क्रुणाल ने वॉशिंगटन सुंदर (7) को उमेश यादव के हाथों कैच करवा आरसीबी का पांचवां विकेट गिराया और खुद का तीसरा विकेट निकाला. 86 के स्कोर पर आरसीबी की आधी टीम लौट गई.

मैक्लेनघन ने निकाले 2 बड़े विकेट

आरसीबी की ओर से कप्तान विराट कोहली और क्विंटन डि कॉक ने पारी की शुरुआत की. डि कॉक (19) को मिशेल मैक्लेनघन ने बोल्ड किया. 40 के स्कोर पर यह पहला विकेट गिरा. इसी के बाद पांचवें ओवर की चौथी गेंद पर मैक्लेनघन ने एबी डिविलियर्स (1) को हार्दिक पंड्या के हाथों लपकवाया. 42 के स्कोर पर दूसरा विकेट गिरा.

मुंबई ने दिया 214 रनों का टारगेट

मुंबई इंडियंस ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के सामने 214 रनों का बड़ा टारगेट रखा. मुंबई की पारी में कप्तान रोहित शर्मा (94) के अलावा इविन लुइस की अर्धशतकीय पारी का बेहतरीन योगदान रहा. आरसीबी की टीम पारी की शुरुआती दो गेंदों पर मुंबई के दो विकेट लेने का फायदा उठाने में कामयाब नहीं हो पाई. उमेश यादव (2) के अलावा कोरी एंडरसन ने 2 विकेट निकाले, लेकिन रनों की तेजी नहीं रोक पाए. वॉशिंगटन सुंदर सबसे महंगे रहे उन्होंने 2 ओवरों में 32 रन लुटाए.

शतक से चूके कप्तान रोहित शर्मा

हार्दिक पंड्या 5 गेंदों में 17 रन बनाकर नाबाद लौटे. मुंबई ने 20 ओवरों में 213/6 रन बनाए. आखिरी ओवर की पाांचवीं गेंद पर कप्तान रोहित शर्मा (94 रन, 52 गेंदों पर) आउट हो गए. रोहित महज छह रन से शतक से चूक गए. उन्हें कोरी एंडरसन की गेंद पर क्रिस वोक्स ने लपका. 207 रनों के स्कोर पर मुंबई का छठा विकेट गिरा.

Share This News :