Home > अपना शहर ,
हृदय रोगी बच्चों के इलाज के लिये जिला चिकित्सालय में लगा शिविर 40 बच्चों का सरकारी खर्चे पर ऑपरेशन कराने के लिये चयन

मुख्यमंत्री बाल हृदय उपचार योजना एवं राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत मंगलवार को जिला चिकित्सालय मुरार में विशेष शिविर लगाया गया। कलेक्टर डॉ. संजय गोयल की पहल पर आयोजित हुए इस शिविर में 85 बच्चों के हृदय की जाँच की गई। इनमें से 40 बच्चों का चयन हृदय के ऑपरेशन के लिये किया गया। इन सभी का ऑपरेशन सरकार के खर्चे पर कराया जायेगा।

बच्चों के हृदय की जाँच व उपचार सुप्रसिद्ध हृदय रोग विशेषज्ञ बंसल हॉस्पिटल भोपाल की डॉ. माधुरी नागौरी के नेतृत्व में चिकित्सकों की टीम द्वारा किया गया। शिविर का आयोजन यहाँ जिला चिकित्सालय मुरार स्थित जिला शीघ्र हस्तक्षेप केन्द्र में किया गया। शिविर में खासतौर पर जन्म से 18 वर्ष तक के बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण व उपचार किया गया।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस एस जादौन ने बताया कि जिला चिकित्सालय स्थित शीघ्र हस्तक्षेप केन्द्र में चिन्हित बीमारियों की नि:शुल्क जाँच व उपचार किया जाता है। डॉ. जादौन ने बताया कि जिला चिकित्सालय में और भी शिविर लगाए जायेंगे। इस संबंध में सीएमएचओ कार्यालय के दूरभाष क्रं.-0751-2452994 तथा जिला शीघ्र हस्तक्षेप केन्द्र मुरार ग्वालियर के प्रबंधक के मोबाइल फोन नं. 8770280258 एवं जिला समन्वयक के मोबाइल फोन नं. 9074004376 पर संपर्क किया जा सकता है।

Share This News :