Home > अपना शहर ,
युवा अपनी ताकत को पहचानें और समाज व देश हित में कार्य करें – विधायक श्री कुशवाह नेहरू युवा केन्द्र का पाँच दिवसीय सामुदायिक विकास प्रशिक्षण सम्पन्न

युवा एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार के अंतर्गत नेहरू युवा केन्द्र ग्वालियर द्वारा पाँच दिवसीय युवा नेतृत्व एवं सामुदायिक विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम साडा ब्लॉक घाटीगाँव पर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विधायक श्री भारत सिंह कुशवाह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए। कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि श्री इसरार हुसैन व श्री रमेश बघेल सहित नेहरू युवा केन्द्र के जिला समन्वयक श्री आर एस तोमर उपस्थित थे। अतिथियों ने प्रारंभ में स्वामी विवेकानंद एवं सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्ज्वलित किया।

      कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री भारत सिंह कुशवाह ने युवाओं से कहा कि युवाओं का जोश जिस दिशा में सक्रिय होता है, विकास की धारा वहीं से निकलती है। युवाओं में नेतृत्व की भावना जागृत करने का समाज हित में कार्य करने हेतु प्रेरित करने के उद्देश्य से इस प्रकार के कार्यक्रम सार्थकता सिद्ध करते हैं। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल सहित हमारे महापुरूषों द्वारा जो ज्ञान दिया गया है, उसका युवाओं को पालन करते हुए समाज और देश के हित में कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार एवं राज्य सरकार द्वारा युवाओं के उत्थान हेतु अनेक कल्याणकारी योजनायें संचालित की जा रही हैं। युवाओं को इनका लाभ उठाकर अपने आपको स्थापित करना चाहिए।

      कार्यक्रम में नेहरू युवा केन्द्र के समन्वयक श्री आर एस तोमर ने कहा कि केन्द्र द्वारा पाँच दिवसीय प्रशिक्षण शिविर युवाओं में नेतृत्व की भावना को जागृत करने और शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया गया है। इस शिविर में लगभग 50 युवकों द्वारा सक्रियता से भाग लिया गया है। उन्होंने युवाओं को नेहरू युवा केन्द्र के उद्देश्यों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी।

      कार्यक्रम का संचालन श्री दिलीप हजेला ने किया तथा आभार श्री कमलेश कुशवाह ने व्यक्त किया।

Share This News :