Home > अपना शहर ,
अवैध कॉलोनियाँ विकसित करने वालों के खिलाफ प्रशासन हुआ सख्त डबरा एसडीएम ने लगाया लगभग 1.74 करोड़ का अर्थदण्ड

अवैध कॉलोनियाँ विकसित करने वालों के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रवैया अपनाया है। इस कड़ी में डायवर्सन कराए बगैर कृषि भूमि पर अवैध कॉलोनियाँ विकसित करने वाले तीन भूमि स्वामियों पर अनुविभागीय दण्डाधिकारी डबरा श्री अमनबीर सिंह बैंस द्वारा लगभग एक करोड़ 74 लाख का अर्थदण्ड अधिरोपित किया है। भू-राजस्व संहिता की धाराओं के तहत गाइड लाईन के अनुसार जमीन के कुल बाजार मूल्य की 20 प्रतिशत राशि अर्थदण्ड के रूप में अधिरोपित की गई है।

      अनुविभागीय अधिकारी डबरा से प्राप्त जानकारी के मुताबिक ग्राम कर्रा के अंतर्गत विभिन्न सर्वे नम्बर की कृषि उपयोग की जमीन (रकबा 2.73 हैक्टेयर) पर भमि स्वामी जगदीश पुत्र उत्तम सिंह निवासी डबरा द्वारा डायवर्सन कराए बगैर अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही थी। इन पर भू-राजस्व संहिता के तहत गाइडलाईन के अनुसार जमीन के कुल बाजार मूल्य का 20 प्रतिशत अर्थात एक करोड़ 36 लाख 50 हजार रूपए का अर्थदण्ड अधिरोपित किया गया है।

      इसी प्रकार ग्राम डबरा के अंतर्गत ममता पत्नी कोमल साहू निवासी डबरा द्वारा डायवर्सन कराए बगैर कृषि उपयोग की जमीन (रकबा 0.293 हैक्टेयर) पर अवैध कॉलोनी काटी जा रही है। इन पर गाइड लाईन के अनुसार बाजार मूल्य की 20 प्रतिशत राशि के रूप में लगभग 11 लाख 12 हजार से अधिक अर्थदण्ड लगाया गया है। अनुविभाग डबरा के बिलौआ में अरविंद कुशवाह पुत्र पंचम सिंह निवासी आदर्श कॉलोनी गोले का मंदिर द्वारा भी कृषि उपयोग की भूमि पर बगैर डायवर्सन के अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही थी। इन पर बाजार मूल्य का 20 प्रतिशत राशि के रूप में लगभग 36 लाख 13 हजार रूपए का अर्थदण्ड अधिरोपित किया गया है।

      अनुविभागीय दण्डाधिकारी डबरा ने स्थानीय तहसीलदार को इन सभी भू-स्वामियों से अर्थदण्ड वसूल करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही नक्शा मंजूर न कराने और नगर पालिका से भवन निर्माण की विधिवत अनुमति न लिए जाने के लिये इन सभी के खिलाफ नगर पालिका अधिनियम की धारा-187 के तहत कार्रवाई करने के निर्देश भी अनुविभागीय दण्डाधिकारियों ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को दिए हैं।

Share This News :