Home > अपना शहर ,
मिशन इन्द्रधनुष अभियान शुरू दो वर्ष तक के बच्चों एवं गर्भवती माताओं का होगा सम्पूर्ण टीकाकरण

नियमित टीकाकरण कार्यक्रम से वंचित रह गए बच्चों एवं गर्भवती माताओं का मिशन इन्द्रधनुष अभियान के तहत टीकाकरण किया जायेगा। सम्पूर्ण प्रदेश के साथ ग्वालियर जिले में भी सोमवार से यह अभियान शुरू हुआ। मिशन इन्द्रधनुष अभियान 14 नवम्बर तक चलेगा, जिसके तहत जन्म से दो वर्ष तक के ऐसे बच्चे एवं गर्भवती माताओं का सम्पूर्ण टीकाकरण किया जायेगा, जो किन्हीं कारणों से नियमित टीकाकरण कार्यक्रम से छूट गए थे। टीकाकरण का कार्य एमसीटीएस (मदर एण्ड चाईल्ड ट्रैकिंग सिस्टम) पोर्टल के आधार पर किया जायेगा।

      मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस एस जादौन ने बताया कि इस अभियान की थीम “जो न पहुँचे हम तक हम पहुँचें उन तक” पर आधारित है। उन्होंने बताया कि एमसीटीएस पोर्टल के आधार पर ग्वालियर शहर के 57 वार्ड में मिशन इन्द्रधनुष अभियान के तहत टीकाकरण कराया जा रहा है। इसी तरह विकासखण्ड भितरवार के 12 सब-सेंटर, घाटीगाँव के 15, डबरा के 13 व हस्तिनापुर क्षेत्र के 24 सब-सेंटर को इस अभियान में शामिल किया गया है।

इस प्रकार नगर निगम के 57 वार्ड एवं जिले के कुल 64 सब-सेंटर के अंतर्गत टीकाकरण के लिये एक हजार 24 सत्र आयोजित किए जायेंगे। मिशन इन्द्रधनुष अभियान के तहत कुल लक्षित 6 हजार 156 बच्चे एवं 2 हजार 808 महिलायें लाभान्वित होंगी।

      अभियान को सफलतापूर्वक अंजाम देने के लिये राज्य एवं जिला स्तरीय टीमों द्वारा मॉनीटरिंग की जा रही है। अभियान में महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, पंचायत इत्यादि विभाग सहयोगी भूमिका निभा रहे हैं। 

Share This News :