Home > अपना शहर ,
सीएम हैल्पलाईन एवं लोक सेवा गारंटी केन्द्र पर प्राप्त होने वाली समस्याओं का अधिकारी प्रतिदिन करें अवलोकन एवं निराकरण – कलेक्टर

कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने कहा है कि सीएम हैल्पलाईन तथा लोक सेवा गारंटी कार्यक्रम के तहत प्राप्त होने वाली शिकायतों को अधिकारी प्रतिदिन देखें और समय-सीमा में उसका निराकरण करें। समय-सीमा में निराकरण न होने पर संबंधित अधिकारी के विरूद्ध दण्डात्मक कार्रवाई की जायेगी।

      कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने यह बात प्रति सोमवार को आयोजित होने वाली लम्बित प्रकरणों की समीक्षा बैठक में कही। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री नीरज कुमार सिंह, नगर निगम आयुक्त श्री अनय द्विवेदी, अपर कलेक्टर श्री शिवराज वर्मा, श्री विवेक श्रोत्रिय, मुख्य कार्यपालन अधिकारी विकास प्राधिकरण श्री सुरेश शर्मा सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

      कलेक्टर डॉ. गोयल ने सीएम हैल्पलाईन तथा लोक सेवा गारंटी कार्यक्रम के तहत लंबित प्रकरणों पर नाराजगी जाहिर करते हुए निर्देश दिए हैं कि कार्यालय प्रमुख प्रतिदिन प्राप्त शिकायतों को देखें तथा उनका निराकरण सुनिश्चित करें। इसके साथ ही प्रत्येक सोमवार को लिखित रूप से किए गए निराकरण की रिपोर्ट भी प्रस्तुत करें। उन्होंने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को भी निर्देशित किया कि वे अपने ऑफिस में समस्याओं के निराकरण की मॉनीटरिंग के लिये एक प्रकोष्ठ का गठन करें। जिसके माध्यम से समस्याओं का निराकरण समय-सीमा में सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि अगर कोई समस्या उनके विभाग से संबंधित नहीं है तो संबंधित विभाग को तत्काल प्रेषित करें और व्यक्तिगत रूप से भी बतायें।

      बैठक में उन्होंने कृषि विभाग के संबंध में चर्चा करते हुए कहा कि किसानों के सर्वे एवं बीमा की राशि के भुगतान के संबंध में सम्पूर्ण जानकारी तीन दिवस में प्रस्तुत करना सुनिश्चित करें। समय-सीमा में जानकारी प्राप्त न होने पर संबंधित के विरूद्ध कार्रवाई की जायेगी। बैठक में लोक सेवा गारंटी में प्राप्त समस्याओं के निराकरण हेतु केन्द्रवार फाइल तैयार करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में विभागीय अधिकारियों ने अंतरविभागीय समन्वय के संबंध में भी चर्चा की।

Share This News :