Home > अपना शहर ,
स्वच्छता सर्वेक्षण 2017 में ग्वालियर शहर को उच्च रैंक दिलाने के लिए जुट जाएं: श्रीमती माया सिंह

स्वच्छता सर्वेक्षण 2017 एवं नगरोदय अभियान को लेकर कार्यषाला सम्पन्न

हम सबका एक ही लक्ष्य होना चाहिए कि स्वच्छता सर्वेक्षण 2017 में ग्वालियर प्रथम श्रेणी पर आए, इसके लिए हम सबको मिलकर अभी से जुटना है तथा सर्वेक्षण में ग्वालियर शहर को उच्च रैंक दिलाना है। उक्ताशय के विचार मध्य प्रदेश की नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने आज नगर निगम द्वारा स्वच्छता सर्वेक्षण 2017 एवं नगरोदय अभियान के प्रति आमजनों में जागरुकता लाने के लिए आयोजित कार्यशाला के अवसर पर मुख्य अतिथि के रुप में व्यक्त किए। इस अवसर पर कार्यशाला में सभापति श्री राकेश माहौर, निगमायुक्त श्री अनय द्विवेदी, मेयर इन काउंसिल के सभी सदस्य, पार्षदगण, अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे।
बालभवन के आॅडोटोरियम में आयोजित कार्यशाला का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्जवलन कर किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि मध्य प्रदेश की नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रकार की कार्यशाला मप्र के 34 शहरों में आयोजित की जा रहीं है तथा यह कार्यशाला केन्द्र एवं राज्य सरकार के सर्वोच्च प्राथमिकता वाले कार्यक्रमों की जानकारी एवं उनका क्रियान्वयन कैसे हो इसके लिए हैं, इसलिए हम सभी को इसे गंभीरता से लेना चाहिए तथा प्रत्येक जनप्रतिनिधि, अधिकारी व कर्मचारी को अपने शहर के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए जनवरी 2017 में होने वाले स्वच्छता सर्वेक्षण को लेकर आमजन को जागरुक करना चाहिए। हम सबको मिलकर स्वच्छता के प्रति जन साधारण की सोच को सकारात्मक रुप से बदलनी है।
श्रीमती माया सिंह ने कहा कि इसके लिए हमें बस्तियों एवं मोहल्लों में जागरुकता कार्यक्रम चलाने होंगे तथा नागरिकों से घर घर जाकर वन टू वन चर्चा कर उन्हें स्वच्छता के प्रति जागरुक करना होगा।
कार्यशाला में निगमायुक्त श्री अनय द्विवेदी ने जानकारी देते हुए बताया कि भारत सरकार द्वारा जनवरी 2017 में स्वच्छता सर्वेक्षण का कार्य किया जाना है जिसमें देश भर के 500 शहरों की रैंकिंग की जाएगी। इस रैंकिंग में ग्वालियर शहर को अधिक अंक एवं उच्च रैंक दिलाए जाने के लिए शहर के प्रत्येक नागरिक को अपनी सहभागिता निभानी होगी।
निगमायुक्त ने बताया कि सर्वेक्षण का कार्यक्रम तीन भागों में होगा जिसमें कुल 2000 अंक रखे गए हैं। जिसमें प्रथम भाग में 900 अंक ठोस कचरा प्रबंधन, खुले में शौच मुक्त शहर एवं सूचना, शिक्षा व संचार व व्यवहार परिवर्तन संचार के रखे गए हैं तथा दूसरे भाग में 600 अंक सर्वेक्षण टीम द्वारा साफ सफाई व्यवस्था एवं स्वच्छता के मानकों के लिए तथा तीसरे भाग में 500 अंक सर्वेक्षण टीम द्वारा काॅलोनियों के निरीक्षण एवं शहर के नागरिकों से बातचीत के आधार पर प्रदान किए जाएंगे।
निगमायुक्त श्री अनय द्विवेदी ने बताया कि सर्वेक्षण के प्रथम भाग जो 900 अंकों का है उसमें 360 अंक ठोस अपशिष्ठ की सफाई, संग्रहण एवं परिवहन के हैं तथा 180 अंक ठोस अपशिष्ठ के प्रसंस्करण एवं निपटान के हैं। इसके साथ ही 135 अंक सार्वजनिक एवं सामुदायिक शौचालय तथा 135 अंक व्यक्तिगत शौचालय के लिए हैं। वहीं 45 अंक खुले में शौच मुक्त तथा ठोस अपशिष्ठ प्रबंधन की रणनीति एवं 45 अंक सूचना, शिक्षा व संचार व व्यवहार परिवर्तन संचार के हैं। इसके लिए निगम द्वारा सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं तथा सभी अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं।
निगमायुक्त ने बताया कि ठोस अपशिष्ठ प्रबंधन के लिए निगम द्वारा योजना तैयार कर ली गई है, जिसके तहत व्यावसायिक संस्थानों, खाद्य संस्थानों एवं बडे बडे भवनों में उनके रहवासियों द्वारा कचरा डिस्पोजल प्लांट लगाए जाएंगे तथा कचरे का डिस्पोजल करेगें यदि वह ऐसा नहीं करेगें तो उन पर शुल्क लगाया जाएगा। कार्यक्रम में मध्य प्रदेश की नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह का स्वागत सभापति श्री राकेश माहौर एवं मेयर इन काउंसिल में ठोस अपशिष्ठ प्रबंधन एवं स्वच्छता प्रभारी श्रीमती खुशबू गुप्ता ने किया। कार्यक्रम का संचालन मेयर इन काउंसिल के सदस्य श्री सतीश बोहरे द्वारा किया गया।

  

 

Share This News :