Homeखेल ,
टेस्ट के बाद IPL में भी मुसीबत में पड़ सकते हैं स्मिथ, BCCI के एक्शन का इंतजार

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले जा रहे तीसरे टेस्ट मैच में गेंद से छेड़खानी के विवाद में फंसे ऑस्ट्रेलियाई कप्तान स्टीवन स्मिथ पर उनकी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की टीम राजस्थान रॉयल्स ने बयान जारी कर कहा है कि उसे भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के निर्देश का इंतजार है.

इस विवाद के बाद क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) ने स्मिथ को तीसरे टेस्ट मैच में बाकी के बचे दो दिनों के लिए कप्तानी से हटा दिया है और टिम पेन को कप्तान नियुक्त किया है. स्मिथ राजस्थान रॉयल्स के भी कप्तान हैं. फ्रेंचाइजी ने एक बयान जारी कर कहा है कि वह स्मिथ पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के निर्देश का इंतजार करेगी.

एजेंसी के मुताबिक फ्रेंचाइजी के कार्यकारी चेयरमैन रंजीत बर्ठाकुर ने एक बयान में कहा है, 'हमें ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले जा रहे तीसरे टेस्ट मैच में गेंद से छेड़छाड़ विवाद के बारे में पता चला है. हम इस मामले में कुछ भी फैसला लेने से पहले बीसीसीआई के निर्देश का इंतजार कर रहे हैं.'

उन्होंने कहा, 'हम इस तरह के किसी भी कदम को बर्दाश्त नहीं करेंगे जिसे खेल भावना को नुकसान पहुंचाया जाए. इस मामले में हमारी जीरो टोलेंरेंस पॉलिसी हर किसी के लिए समान है.'

बीसीसीआई के एक खेमे का मानना है कि अगर स्मिथ खुद कप्तानी छोड़ते हैं, तो राॅयल्स उनकी जगह रहाणे को कप्तान बना सकता है.

बोर्ड के एक सीनियर अधिकारी ने कहा ,‘अब गेंद राजस्थान राॅयल्स के पाले में है. स्मिथ ने युवाओं को गेंद से छेड़खानी की अनुमति देकर बेईमानी की है. उसने खराब उदाहरण पेश किया है, लेकिन राॅयल्स टीम का वह अहम अंग है.’ 

 

उन्होंने कहा ,‘राजस्थान इस बार किसी विवाद में नहीं पड़ना चाहेगा. स्मिथ अगर सिर्फ बतौर बल्लेबाज खेले तो कप्तानी किसी और को सौंपी जा सकती है.’ 

Share This News :