Homeखेल ,
क्लीन चिट के बाद मोहम्मद शमी ने ऐसे किया फैंस का शुक्रिया अदा

अमरोहा। à¤ªà¤¤à¥à¤¨à¥€ हसीन जहां की तरफ से लगाए गए मैच फिक्सिंग के आरोपों से मुक्त होने के बाद मोहम्मद शमी ने राहत की सांस ली है। शमी ने बीसीसीआई का फैसला आने के बाद सबका शुक्रिया अदा किया। शमी ने अपने ट्वीटर अकाउंट पर लिखा कि," मैं आप सभी दोस्तों का दिल से आभारी हूं, जिन्होंने मुश्किल वक्त मैं मुझ पर भरोसा बनाए रखा। विपरीत समय में भी आपने मेरा साथ निभाया। देश और आपके लिए खेलता था, आगे भी इसे जारी रखूंगा।"

शमी के बेदाग साबित होने पर उनके गांव में भी खुशी लहर दौड़ गई। मैच फिक्सिंग के आरोपों ने शमी के करियर पर ही सवाल खड़े कर दिए थे। बीसीसीआई ने अपनी एंटी करप्शन यूनिट से इसकी जांच करने का कहा था और हफ्ते भर के भीतर ही इसकी जांच रिपोर्ट मांगी थी। ताकि शमी के कॉन्ट्रैक्ट के साथ ही उसके क्रिकेटिंग करियर को लेकर कोई अंतिम फैसला लिया जा सके। गुरुवार को ही एंटी करप्शन यूनिट ने अपनी रिपोर्ट में शमी को बेदाग पाया। इसके बाद बीसीसीआई ने उन्हें सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में शामिल कर लिया। शमी ने फोन पर बताया कि उन्होंने देश के लिए ईमानदारी से खेला है। आगे भी अपनी जिम्मेदारी को बखूबी निभाएंगे। उनके लिए मुल्क सबसे पहले है।

 

गाजियाबाद में पसीना बहा रहे शमी-

टीम इंडिया के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी इन दिनों मीडिया व प्रशंसकों से बचते हुए इंदिरापुरम स्थित मल्टी स्पो‌र्ट्स मैदान में पसीना बहा रहे हैं। उन्होंने यहां पर तीन दिनों तक गेंदबाजी का अभ्यास किया। अप्रैल में होने वाले आईपीएल के लिए उन्होंने खुद को तैयार करना शुरू कर दिया है। शाम को शमी ने गेंदबाजी की। साथ ही उन्होंने बल्लेबाजी में भी हाथ आजमाए। मोहम्मद शमी ने कुछ युवा क्रिकेटरों को गेंदबाजी व बल्लेबाजी के टिप्स भी दिए। इस दौरान वह शांत होकर क्रिकेट पर फोकस करते नजर आए। इस दौरान शमी ने क्रिकेट को लेकर अपनी मेहनत जारी रखने की बात की है।

शमी को सलाह देने की वजह से परेशानी बढ़ी: हसीब

मुहम्मद शमी और उनकी पत्नी हसीन जहां के बीच शुरू हुए विवाद के 16 दिन बाद पहली बार उनके बड़े भाई हसीब अहमद मीडिया के सामने आए हैं। उन्होंने हमारे सहयोगी प्रकाशन दैनिक जागरण के साथ बातचीत में अपने ऊपर लगाए गए दुष्कर्म के आरोप सिरे से नकार दिया। साथ ही आरोप लगाने की वजह भी स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि, "वह अपने छोटे भाई शमी को हर मामले में सलाह देते हैं। दोनों भाइयों में अच्छा तालमेल है। यही बात हसीन को अखरती थी। इसीलिए उनके ऊपर दुष्कर्म का आरोप लगाया गया।"

शमी के पिता तौसीफ अहमद का पिछले साल निधन हो गया था। इसके बाद घर में मां अंजुम आरा, बड़े भाई हसीब अहमद और छोटा भाई मुहम्मद कैफ है। बहन शबीना की शादी हो चुकी है। हसीब ने बताया कि पिता के निधन के बाद परिवार का बड़ा होने के नाते सारी जिम्मेदारी उन पर आ गई। बताया कि सुरक्षित भविष्य के लिए शमी ने इन्वेस्टमेंट के लिए उनसे राय मांगी थी। उनकी सलाह पर ही शमी ने गांव में जमीन खरीदी। उसकी देखभाल भी मुझे ही करनी होती है। जिसका हसीन शुरू से विरोध कर रही थीं। बस इसी कारण उनके ऊपर दुष्कर्म का आरोप लगा दिया गया।

Share This News :