Home > अपना शहर ,
जल उपभोक्ता संस्थाओं के शांतिपूर्ण निर्वाचन के लिये प्रशासन ने कसी कमर गड़बड़ी फैलाने वालों को किया चिन्हित : शस्त्र लायसेंस होंगे निरस्त

जिले की 50 जल उपभोक्ता संस्थाओं के शांतिपूर्ण निर्वाचन के लिये जिला प्रशासन द्वारा गड़बड़ी फैलाने वाले असामाजिक तत्वों को पूर्व से ही चिन्हित कर लिया गया है। ऐसे व्यक्तियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने तथा उनके स्वयं के अथवा उनके परिवार के नाम से दर्ज शस्त्र लायसेंस को भी जिला प्रशासन द्वारा सूचीबद्ध किया गया है। जिससे किसी भी प्रकार की गड़बड़ी फैलाने पर ऐसे व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। यह निर्देश कलेक्टर डॉ. संजय गोयल द्वारा 6 नवम्बर को होने वाले जिला जल उपभोक्ता समितियों के निर्वाचन प्रक्रिया की तैयारियों की समीक्षा के दौरान दिए हैं।
बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री हरिनारायणचारी मिश्रा, एडीएम श्री शिवराज वर्मा, अपर कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय, एडिशनल एसपी श्री योगेश्वर शर्मा सहित सभी एसडीएम व कार्यपालिक दण्डाधिकारी तथा सहायक रिटर्निंग अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने कहा कि जल उपभोक्ता संस्थाओं के निर्वाचन प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जायेगी। निर्वाचन की विश्वसनीयता को प्रभावित करने वाले तत्वों से प्रशासन सख्ती से निपटेगा। उन्होंने निर्वाचन से पूर्व कार्यपालिक दण्डाधिकारी और पुलिस अधिकारियों की संयुक्त टीम द्वारा मतदान केन्द्रों के भ्रमण करने तथा ग्रामीणों से चर्चा कर समझाईश देने के निर्देश भी दिए।
डॉ. गोयल ने कहा कि संवेदनशील मतदान केन्द्रों और व्यक्तियों को पूर्व से चिन्हित किया गया है। ऐसे केन्द्रों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया जायेगा और गड़बड़ी फैलाने वालों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर उनकी आपराधिक जन्मपत्रि पूर्व से ही तैयार कर ली गई है।
पुलिस अधीक्षक श्री मिश्रा ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया के दौराना मतदान प्रात: 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक किया जायेगा। इसके उपरांत मतदान केन्द्र पर ही मतगणना की कार्रवाई पूर्ण की जानी है। इसलिये इन केन्द्रों के आस-पास पुलिस बल भीड़ एकत्रित न होने दें और गड़बड़ी या बाधा उत्पन्न करने वालों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए। उन्होंने मतदान केन्द्रों पर 100 मीटर और 200 मीटर के क्षेत्र के संबंध में दिए गए आयोग के निर्देशों का कड़ाई से पालन करने की बात भी कही।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आर सी मिश्रा ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा शांतिपूर्ण निर्वाचन के लिये सभी तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं। जिले में 50 जल उपभोक्ता संस्थाओं के निर्वाचन के लिये 123 मतदान केन्द्र गठित किए गए हैं। इन मतदान केन्द्रों पर कुल 64 हजार 363 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिये 16 कार्यपालिक मजिस्ट्रेट व 27 जोनल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। इस प्रक्रिया में कुल 297 उम्मीदवार अपना भाग्य आजमा रहे हैं। मतदान दल 5 नवम्बर को ही मतदान केन्द्रों के लिये रवाना किए जायेंगे। उन्होंने मतदान के दौरान चैलेंज बोर्ड टेण्डर बोर्ड की प्रक्रिया के बारे में भी बतलाया।

Share This News :