Home > अपना शहर ,
कलेक्टर द्वारा घाटीगाँव क्षेत्र के कार्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण प्रशिक्षक सहित सभी प्रशिक्षणार्थी मिले अनुपस्थित

कलेक्टर डॉ. संजय गोयल द्वारा घाटीगाँव जनपद पंचायत क्षेत्र अंतर्गत तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग द्वारा संचालित कौशल उन्नयन केन्द्र के निरीक्षण के दौरान छात्र और प्रशिक्षक शिक्षक दोनों ही अनुपस्थित पाए गए। कलेक्टर द्वारा अनुपस्थित सभी 4 शिक्षकों के विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

      कलेक्टर डॉ. संजय गोयल द्वारा आज ग्रामीण क्षेत्रों में शासकीय कार्यालयों की स्थिति का आकस्मिक जायजा लिया गया। उन्होंने अपने भ्रमण के दौरान लोक सेवा गारंटी केन्द्र घाटीगाँव, जनपद पंचायत कार्यालय बरई, कौशल विकास केन्द्र घाटीगाँव का आकस्मिक निरीक्षण किया। डॉ. गोयल के निरीक्षण के दौरान विकास केन्द्र में पदस्थ पाँच प्रशिक्षकों में से चार लोग अनुपस्थित पाए गए। इसके साथ ही वेब डिजाइनिंग और ग्राफिक्स कोर्स के अंतर्गत पंजीकृत 32 प्रशिक्षणार्थियों में से उपस्थित नहीं पाया गया। इस पर कलेक्टर द्वारा गंभीर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों और अनुपस्थित कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब चाहा है।

      लोक सेवा गारंटी केन्द्र के निरीक्षण के दौरान केन्द्र में पदस्थ मैनेजर व कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। कलेक्टर ने केन्द्र पर दर्ज और लंबित आवेदकों के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि लोक सेवा गारंटी केन्द्र के माध्यम से सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कर आवेदक को चाही गई जानकारी उपलब्ध कराई जाए। शासन द्वारा सभी सेवाओं के लिये शुल्क का निर्धारण किया गया है। उससे अधिक राशि आवेदकों से संग्रहित नहीं की जानी चाहिए। ऐसी शिकायतें प्राप्त होने पर केन्द्र संचालित करने वाली एजेन्सी का कॉन्ट्रेक्ट निरस्त कर दिया जायेगा।

      उन्होंने जनपद पंचायत बरई में निरीक्षण के दौरान कार्यालय में पदस्थ अधिकारी-कर्मचारियों की उपस्थिति और उनको आवंटित कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने घाटीगाँव जनपद पंचायत क्षेत्र अंतर्गत संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा भी की। साथ ही कार्यालय परिसर को स्वच्छ और हरा-भरा बनाने के निर्देश भी मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत को दिए।

      निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री नीरज कुमार सिंह, एसडीएम श्री विनोद सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Share This News :