Home > अपना शहर ,
मुख्यमंत्री श्री चौहान आज किसानों को वितरित करेंगे 9.39 करोड़ के प्रमाण-पत्र

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना

मुख्यमंत्री श्री चौहान आज किसानों को वितरित करेंगे 9.39 करोड़ के प्रमाण-पत्र

फसल बीमा का लाभ लेने वाला पहला जिला बना दतिया

प्रधानमंत्री फसल बीमा राशि का किसानों को लाभ दिलाने वाला प्रदेश का पहला जिला दतिया बना है। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान 4 नवम्बर को दतिया में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत खरीफ फसल के दौरान किए गए फसल बीमा के क्लेम राशि के रूप में 9.39 करोड़ राशि के प्रमाण-पत्र किसानों को वितरित करेंगे।

      प्रदेश के जनसंपर्क मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र ने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना किसानों के हित संरक्षण के लिये इसी वर्ष से प्रारंभ हुई है। दतिया जिले के सभी पात्र किसानों को योजना का अधिक से अधिक लाभ प्राप्त हो, इसके लिये गाँव-गाँव में किसानों से संपर्क स्थापित कर फसल बीमा कराया गया है। इस योजना का लाभ किसानों को दिलाने में दतिया जिला प्रदेश का पहला जिला बना है।

      ग्वालियर संभाग के कमिश्नर श्री शिवनारायण रूपला ने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना पूरे देश में इसी वर्ष खरीफ फसल से प्रारंभ की गई। इस योजना के तहत खरीफ फसल के दौरान दतिया जिले में 39 हजार 578 किसानों की 60 हजार 621 हैक्टेयर फसलों का बीमा किया गया था। इसमें 171 करोड़ 37 लाख रूपए की बीमा राशि और 3 करोड़ 42 लाख रूपए की प्रीमियम राशि है।

      कमिश्नर श्री रूपला ने बताया कि खरीफ फसल के दौरान दतिया जिले में अति वर्षा होने के कारण उड़द और तिल की फसल को नुकसान हुआ था और यह नुकसान लगभग 50-60 प्रतिशत के बराबर रहा। जिला प्रशासन ने तत्काल ही बीमा कंपनी को क्लेम भेजा और बीमा कंपनी ने 16 हजार 256 किसानों को लगभग 40 करोड़ रूपए की राशि बीमा के रूप में मिलेगी, जिसमें प्रथम किस्त के रूप में 25 प्रतिशत राशि 9.39 करोड़ सीधे किसानों के खातों में बीमा कंपनी द्वारा जमा कराई जा रही है, जिसके प्रमाण-पत्र मुख्यमंत्री 4 नवम्बर को दतिया में वितरित करेंगे। शेष 75 प्रतिशत राशि फसल कटाई प्रयोग के बाद अंतिम किस्त के रूप में किसानों को भुगतान की जायेगी।

Share This News :