Home > मनोरंजन ,
देर शाम मुंबई पहुंचेगा श्रीदेवी का शव, फैंस को इंतजार

बॉलीवुड अदाकारा श्रीदेवी की मौत के तीन दिन बाद मंगलवार दोपहर को पार्थिव शरीर भारत लाने की इजाजत मिल गई है. सरकारी वकील की मंजूरी मिलने के बाद पार्थिव शरीर पर लेप लगाया गया, जिसके बाद शव को लेकर श्रीदेवी के परिवार एयरपोर्ट के लिए रवाना हो गए हैं. जहां से सीधे पार्थिव शरीर देर रात तक मुंबई पहुंचेगा.

वहीं दुबई पुलिस ने श्रीदेवी की मौत से जुड़ा केस बंद कर दिया है. और अब पार्थिव शरीर को परिवार को सौंपा जा चुका है. सरकारी वकील ने सारी जांच पूरी करने के बाद पार्थिव शरीर को भारत ले जाने की मंजूरी दी, जिसके बाद केस को बंद किया गया. लेप लगाने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव को भारत लाया जाएगा. पार्थिव शरीर को बोनी कपूर के भतीजे सौरभ मल्होत्रा ने रिसीव किया.

देर शाम तक पार्थिव शरीर मुंबई लाया जा सकता है. बता दें कि बॉलीवुड एक्ट्रेस श्रीदेवी की मौत दुबई में 24 फरवरी की रात 11 बजे हुई थी. दुबई पुलिस की जांच, फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद सरकारी वकील सभी दस्तावेजों की जांच कर रहे थे जिसके कारण पार्थिव शरीर को भारत लाने में देरी हो रही थी.

मंगलवार दोपहर ही बोनी कपूर के बेटे और फिल्म अभिनेता अर्जुन कपूर भी दुबई पहुंचे थे. गौरतलब है कि अर्जुन कपूर बोनी कपूर की पहली पत्नी मोना कपूर के बेटे हैं. रविवार सुबह ही दुबई पुलिस ने श्रीदेवी के पति बोनी कपूर का प्राथमिक बयान दर्ज किया था. पुलिस ने ये पूछताछ श्रीदेवी की मौत की खबर के तुरंत बाद ही की थी. हालांकि, सोमवार को आगे की पूछताछ के लिए बोनी कपूर को पुलिस स्टेशन नहीं बुलाया गया था.

सोमवार को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मुताबिक, श्रीदेवी की मौत की वजह एक्सीडेंटल है. होटल के बाथटब में डूबने से उनकी मौत हुई. उनके शरीर में अल्कोहल की मात्रा थी.

गौरतलब है कि मुंबई में श्रीदेवी के लाखों चाहने वाले भरी आंखों से उनके अंतिम दर्शनों का इंतजार कर रहे हैं. श्रीदेवी का पार्थिव शरीर जब मुंबई आएगा तो उसे उनकी इच्छा के मुताबिक उनके भाग्य बंगले में अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा. इस बंगले को श्रीदेवी के पसंदीदा सफेद रंग के फूलों से सजाया गया है. श्रीदेवी के बंगले के बाहर लगी फैंस की भीड़ लगी है. फैंस घंटों से अभिनेत्री के अंतिम दर्शन का इंतज़ार कर रहे हैं. बंगले के बाहर मीडिया का भी जमावड़ा लगा हुआ है.

Share This News :