Home > slider news,अपना मध्यप्रदेश,
उपचुनावः छुटपुट झड़पों के बीच कोलारस-मुंगावली में बंपर वोटिंग

ग्वालियर। मध्यप्रदेश में कोलारस और मुंगावली सीटों के उपचुनाव के लिए मतदान शनिवार को छुटपुट झड़पों के बीच हुआ। मतदान सुबह आठ बजे से शुरू होकर सायं 5 बजे तक चला। ग्राम सेसई खुर्द में कांग्रेस व भाजपा कार्यकर्ता में विवाद हो गया, जिसमें कुर्सियां तक फेंकने की खबर है। वहीं कई जगह ईवीएम खराबी की भी शिकायत आई।
मुंगावली और कोलारस उपचुनाव के लिए शनिवार सुबह 8 बजे से शुरू हुआ मतदान शाम पांच बजे खत्म हो गया। उपचुनाव में कोलारस और मुंगावली दोनों ही जगह के मतदाताओं में जमकर उत्साह देखा गया। कोलारस में जहां 72 फीसदी मतदान हुआ, वहीं मुंगावली में 77 फीसदी लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। हालांकि कुछ जगहों पर लंबी लाइन लगने से पांच बजे बाद भी पर्ची देकर वोट डलवाए गए, जिस कारण अभी अधिकृत आंकड़े आना बाकी हैं। उपचुनाव के दौरान दिनभर गहमा गहमी दिनभर बनी रही। कई जगह पर कांग्रेस और बीजेपी कार्यकर्ता कई बार आमने सामने आए। सेसई खुर्द में कांग्रेस और बीजेपी कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे पर जमकर कुर्सियां फेंकी। मौके पर मौजूद पुलिस ने मामले को शांत करवाया। इसी प्रकार मुंगावली टीआई को पक्षपात की शिकायत मिलने पर हटा दिया गया। कोलारस के दीगोद पोलिंग बूथ पर बीजेपी प्रत्याशी के फोटो युक्त मतदाता पर्चिंयां बांटे जाने पर बखेड़ा खड़ा हो गया। कांग्रेस ने इसकी शिकायत निर्वाचन अधिकारी से की है।
सुरक्षा के मद्देनजर शिवपुरी और अशोकनगर को जोड़ने वाली उत्तर प्रदेश और राजस्थान की सीमा को सील कर दिया गया था। वहीं कोलारस के बूथ नंबर 57 पर ईवीएम खराब होने पर मतदान देर से शुरू हुआ। ईवीएम में दिक्कत होने से यहां लंबी लाइन लग गई। सूचना के बाद मशीन को बदला गया, जब कहीं जाकर मतदान शुरू हुआ। कोलारस और मुंगावली के 30-30 केंद्रों पर चुनाव आयोग और मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय ने सीधी नजर रखी। 575 मतदान केंद्रों में से 333 क्रिटिकल की श्रेणी में रखे गए थे। इसके लिए बड़े पैमाने पर वीडियोग्राफी भी कराई गई। सुरक्षा के मद्देनजर 24 सशस्त्र बल की कंपनियां तैनात की गई थी, तो 151 माइक्रो ऑब्जर्वर लगाए गए।

कांग्रेस व भाजपा कार्यकर्ता भिड़े, कुर्सियां फेंकी
कुछ स्थानों पर भाजपा व कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमकर झगड़ा हो गया। कोलारस उपचुनाव के दौरान ग्राम सेसई खुर्द में कांग्रेस कार्यकर्ता हरिसिंह यादव व भाजपा कार्यकर्ता में विवाद हो गया। इस दौरान दोनों नेताओं के समर्थकों ने एक दूसरे पर कुर्सियां भी फेंकी। जानकारी के मुताबिक दोनों पक्ष एक दूसरे पर फर्जी मतदान कराने का आरोप लगा रहे हैं। हालांकि बदरवास टीआई सुनील शर्मा ने तत्काल पहुंचकर स्थिति को काबू में कर लिया गया।

Share This News :