Home > अपना शहर ,
विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं में छूटे हितग्राहियों को जोड़ने के लिये अभियान 10 नवम्बर से

सभी रोजगारमूलक योजनाओं में दिसम्बर के अंत तक लक्ष्यपूर्ति सुनिश्चित हो

कमिश्नर श्री रूपला ने विभागवार की योजनाओं की समीक्षा

विभिन्न कल्याणकारी हितग्राहीमूलक योजनाओं में छूटे हुए हितग्राहियों को जोड़ने के लिये 10 नवम्बर से अभियान चलाया जायेगा। यह अभियान 30 नवम्बर 2016 तक चलेगा। इस अभियान के तहत विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से वंचित रहे पात्र शतप्रतिशत हितग्राहियों को जोड़ना होगा। यह जानकारी ग्वालियर संभाग के कमिश्नर श्री शिवनारायण रूपला ने बुधवार को संभागीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक में दी। बैठक में संयुक्त आयुक्त विकास श्री बी एस जाटव, उपायुक्त राजस्व श्री विनोद भार्गव सहित संभागीय अधिकारी मौजूद थे।

      कमिश्नर श्री रूपला ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि सभी सामाजिक पेंशन योजनाओं, नि:शक्तजन, मानसिक विकलांग, लाड़ली लक्ष्मी, कन्यादान, किसानों, मजदूरों, हम्मालों, रिक्शा चालकों, ठेला चालकों के हित कल्याण के लिये संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं में अभियान के दौरान इन हितग्राही मूलक योजनाओं से शतप्रतिशत जुड़ जाएँ। कमिश्नर ने संयुक्त आयुक्त विकास श्री जाटव को निर्देश दिए कि अभियान के संबंध में सभी जनपद पंचायतों के सीईओ, नगरीय निकायों लेबर आफीसरों को पत्र लिखे। इसी तरह सभी संभागीय अधिकारी अपने जिले में पदस्थ सभी अधीनस्थ अधिकारियों को पत्र लिखें। प्रयास यह रहे कि योजनाओं से वंचित सभी पात्र हितग्राही अभियान की अंतिम तिथि 30 नवम्बर 2016 तक जुड जाएँ। उन्होंने कहा कि आज की स्थिति में भी कई मजदूर ऐसे हैं जो श्रम विभाग की योजनाओं के लाभ से वंचित हैं। इन सभी वंचितों को कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना है। एक भी पात्र हितग्राही योजना से वंचित नहीं होना चाहिए।


रोजगार मूलक योजनाओं में दिसम्बर के अंत तक लक्ष्यपूर्ति सुनिश्चित हो

      कमिश्नर श्री रूपला ने रोजगारमूलक योजनाओं से जुड़े सभी अधिकारियों को पुन: निर्देश देते हुए कहा कि सभी रोजगारमूलक योजनाओं में दिसम्बर 2016 के अंत तक लक्ष्यों की पूर्ति सुनिश्चित हो जाए। कमिश्नर ने कहा कि खादी ग्रामोद्योग, अंत्यावसायी, आदिम जाति कल्याण की योजनाओं में प्रगति अभी भी संतोषजनक नहीं है। उद्योग विभाग की योजनाओं में ग्वालियर जिला अभी भी पिछड़ा हुआ है। इसमें गति लाने की जरूरत है।

किसानों को पर्याप्त खाद, बीज की व्यवस्थायें सुनिश्चित हों

      कमिश्नर श्री रूपला ने किसान कल्याण विभाग की समीक्षा करते हुए संयुक्त संचालक श्री जोशी को निर्देश दिए कि रबी फसल अभियान के दौरान किसानों को पर्याप्त खाद, बीज, कीटनाशक दवाओं एवं उन्नत कृषि यंत्रों की व्यवस्था सुनिश्चित हो। जहाँ चने के बीज की कमी है वहाँ चना बीज की उपलब्धता सुनिश्चित हो। बोनी कार्य की समीक्षा करते हुए कमिश्नर ने कहा कि लक्ष्य के अनुरूप हर जिले में बोनी कार्य पूर्ण हो।

      कमिश्नर श्री रूपला ने स्वासथ्य योजनाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि डेंगू, चिकुनगुनिया, के प्रतिदिन लिए जा रहे सेम्पलों की जानकारी एवं सेम्पलों की रिपोर्ट कि डेंगू, चिकुनगुनिया घटा या बढ़ा है, की प्रतिदिन रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। उन्होंने मलेरिया के सेम्पल भी ज्यादा से ज्यादा लेने के निर्देश दिए।

      सहकारिता विभाग की समीक्षा करते हुए कमिश्नर ने संयुक्त पंजीयक को निर्देश दिए कि वे वसूली पर ज्यादा ध्यान दें। अभी तक की वसूली संतोषजनक नहीं है। उन्होंने खाद उठाव कराने पर जोर दिया। बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग, आदिम जाति कल्याण विभाग, सामाजिक न्याय विभाग सहित अन्य विभागों की भी समीक्षा की गई।

योजनाओं में संतोषजनक प्रगति नहीं होने पर

सहायक श्रम आयुक्त को होगा नोटिस जारी

      श्रम कल्याण विभाग की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति में संतोषजनक उपलब्धी नहीं होने पर श्रम विभाग की सहायक श्रम आयुक्त सुश्री रजनी मालवीय को नोटिस जारी करने के निर्देश कमिश्नर श्री रूपला ने बैठक के दौरान संयुक्त आयुक्त विकास श्री वी एस जाटव को दिए। समीक्षा के दौरान कमिश्नर ने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष के दौरान विभाग के अधिकारी द्वारा मजदूरों के कल्याण के लिये कोई भी रूचि नहीं ली जा रही है। हर योजनाओं में गति धीमी है।

Share This News :