Home > अपना शहर ,
देश की एकता और अखण्डता के लिये सरदार पटेल के बताए मार्ग पर चलें – केन्द्रीय मंत्री श्री तोमर

सदभावना दौड़ सम्पन्न

केन्द्रीय पंचायतीराज एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा है कि हम सबका दायित्व है कि सरकार पटेल की दृष्टि एवं दर्शन के अनुरूप भारत वर्ष की एकता, अखण्डता, सुरक्षा एवं रक्षा के लिये सर्वस्व अर्पित करें। उन्होंने यह बात सदभावना दौड़ के शुभारंभ अवसर पर कही। इस मौके पर प्रदेश की नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह, महापौर श्री विवेक नारायण शेजवलकर, विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री अभय चौधरी, कलेक्टर डॉ. संजय गोयल, पुलिस अधीक्षक श्री हरिनारायणचारी मिश्रा, कुलपति एलएनआईपीई सहित बड़ी संख्या में बालक-बालिकायें उपस्थित थे।

      केन्द्रीय मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि भारत सरकार में सरदार वल्लभ भाई पटेल का जन्म दिवस 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। उसके तहत ही सदभावना दौड़ (रन फॉर यूनिटी) का आयोजन किया है। उन्होंने कहा कि श्री सरदार पटेल भारत वर्ष के पहले उप प्रधानमंत्री एवं गृह मंत्री थे। श्री पटेल भारत के संकट मोचक के रूप में विख्यात थे। उन्होंने स्वयं के बल पर हैदराबाद सहित 560 रियासतों के स्थरीकरण का ऐतिहासिक एवं अत्यंत दुस्कर कार्य किया। हम सबको उनके बताए मार्ग पर चलना चाहिए।

      कार्यक्रम में प्रदेश की नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने कहा कि श्री सरदार पटेल स्वतंत्रता के पूर्व तथा उसके बाद राष्ट्र निर्माण के अग्रज के रूप में स्थापित हुए। सरदार पटेल की संगठन क्षमता कार्यशैली एवं व्यक्तिगत विशिष्टतायें इतिहासकारों को भी हतप्रभ करती हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्र के स्थरीकरण में उनका योगदान सदैव अविस्मरणीय है।

      कार्यक्रम में अतिथियों ने हरी झण्डी दिखाकर दौड़ प्रारंभ कराई। यह दौड़ फिजिकल कॉलेज से प्रारंभ होकर महारानी लक्ष्मीबाई स्मारक पर समाप्त हुई।

  

Share This News :