Home > slider news,अपना मध्यप्रदेश,
बागियों को नहीं मना पाने का नुकसान भाजपा को हुआ : शिवराज

भोपाल। à¤¨à¤—रीय निकाय चुनावों में मिले झटके ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की कई कमजोरियों को सामने लाकर रख दिया है। 19 में से 10 सीटें हारने के बाद भाजपा में यह चर्चा जोरों पर है कि पार्टी को खुलेआम नुकसान पहुंचाने वालों पर बड़े नेता चुनावों के दौरान कोई लगाम नहीं लगा पाए।

सूत्रों के मुताबिक भाजपा करीब 15 सीटों पर अपनी जीत तय मानकर चल रही थी, लेकिन नतीजों ने पार्टी और उसके नेताओं को चौंका दिया। इसीलिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को भी कहना पड़ा कि बागियों को नहीं मना पाने का नुकसान भाजपा को हुआ है।

भाजपा नेताओं के मुताबिक नगरीय निकाय चुनावों में भाजपा धार और बड़वानी जिले की अधिकतर सीटों पर जीत तय मानकर चल रही थी, लेकिन बागियों ने यहां पार्टी को जमकर नुकसान पहुंचाया। चुनाव प्रभारी असंतुष्टों को बैठाने में कामयाब नहीं हुए।

धार नगर पालिका चुनाव में तो भाजपा और संघ के बीच मतभेद उभरकर सामने आ गए। बागी होकर चुनाव लड़ने वाले अशोक जैन ने आठ हजार से ज्यादा वोट लेकर भाजपा के लिए मुसीबत खड़ी कर दी। भाजपा यहां सिर्फ 174 वोट से हारी। ऐसे ही बड़वानी की कई सीटों पर भाजपा बागियों के सामने कुछ करने की हालत में नहीं दिखी।

भाजपा के भीतर अब इस बात पर मंथन शुरू हो गया है कि आखिर असंतुष्टों को क्यों नहीं मना पाए? सूत्रों के मुताबिक कई मामलों में प्रदेश नेतृत्व अनिर्णय की स्थिति में रहा और अपनी धमक नहीं दिखा सका। इस वजह से भाजपा को करीब छह सीटों पर नुकसान उठाना पड़ा है। इस हार के बाद कुछ स्थानीय नेताओं को जरूर पार्टी से बाहर किया जा सकता है। अगले तीन से चार दिन में चुनावों की समीक्षा को लेकर भाजपा नेताओं की बैठक भी हो सकती है।

Share This News :