Home > अपना शहर ,
ग्वालियर से रतनगढ़ माता मंदिर जाने वाले श्रृद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन सतर्क 12 किलोमीटर पहले से होगी पार्किंग की व्यवस्था

रतनगढ़ मेले में ग्वालियर जिले की सीमा से प्रवेश करने वाले श्रृद्धालुओं की सुरक्षा व सुविधा को ध्यान में रखकर ग्वालियर जिला प्रशासन द्वारा पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। ग्वालियर जिले से बेहट की ओर से प्रवेश करने वाले श्रृद्धालुओं के लिये मंदिर परिसर से 12 किलोमीटर पहले से पार्किंग की व्यवस्था की गई है। साथ ही कम से कम तीन किलोमीटर दूरी और अधिकतम 12 किलोमीटर दूरी तक वाहन पार्क किए जा सकेंगे। कलेक्टर डॉ. संजय गोयल द्वारा ग्वालियर जिले से जाने वाले श्रृद्धालुओं के लिये पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था के लिये अधिकारियों को दायित्व सौंपा गया है।

मालूम हो प्रसिद्ध रतनगढ़ माता मंदिर पर दतिया जिले के अंतर्गत सुरम्य पहाड़ियों पर स्थित है। यहाँ हर साल की भाँति दीपावली पर इस साल 31 अक्टूबर से तीन दिवसीय मेला शुरू होगा। जिसमें लाखों श्रृद्धालु माता के दर्शन के लिये पहुँचने की उम्मीद है।  

      मेले के मार्ग में वाहन दुर्घटना रोकने के लिये वाहनों पर डैक बजाना, डबल ट्रॉली लगाना, बिना लायसेंस और नशे की हालत में वाहन चलाने पर कड़ी नजर रहेगी। ऐसा करने वालों के विरूद्ध कठोर दण्डात्मक कार्रवाई की जायेगी। एडीएम श्री वर्मा ने बताया कि बेहट रोड़ की ओर से जाने वाले श्रृद्धालुओं के वाहनों की पार्किंग व्यवस्था डी-हैलीपेड-बस, ट्रैक्टर और ट्रक के लिये आरक्षित रहेगा, जिसकी मंदिर से दूरी 12 किलोमीटर है। पार्किंग स्थल-सी उमेश सिंह का खेत जिसमें जीप, कार सहित आदि हल्के वाहन के लिये आरक्षित किया गया है, इनकी मंदिर से दूरी 9 किलोमीटर होगी। पार्किंग स्थल-बी तालाब दो पहिया वाहनों के लिये मंदिर से दूरी 4 किलोमीटर तथा पार्किंग स्थल-ए यह भी दो पहिया वाहनों के लिये 3 किलोमीटर होगा।

इन्हें सौंपे दायित्व

रतनगढ़ मेले में आने वाले श्रृद्धालुओं के सुचारू आगमन और सुरक्षा व्यवस्था के लिये ग्वालियर जिला प्रशासन द्वारा अपर कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। साथ ही अपर जिला दण्डाधिकारी श्री शिवराज वर्मा को जिला प्रशासन दतिया से समन्वय रखने का काम सौंपा गया है। मेले की समस्त व्यवस्थाओं का पर्यवेक्षण और नियंत्रण का दायित्व एसडीएम ग्वालियर ग्रामीण श्री एच बी शर्मा और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस बेहट श्री आर एन पचौरी का होगा। इनके अलावा एसडीएम श्री गणेश जायसवाल और श्री विनोद सिंह, अपर तहसीलदार मुरार, श्रीमती शारदा पाठक व मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत मुरार श्री राजीव मिश्रा को भी मेले के दायित्व सौंपे गए हैं।

Share This News :